×

Lucknow Weather Today: लखनऊ में खिली धूप से बढ़ी तपिश, दो दिन हवाओं का असर...क्या फिर बढ़ेगी ठंड?

Lucknow Ka Mausam 11 February 2023: लखनऊ का तापमान लगातार बढ़ रहा है। धूप की तपिश लोगों को परेशान कर रही है। आगामी दो दिन राजधानी में फिर हवाओं का दौर रहेगा।

aman
Written By aman
Published on: 11 Feb 2023 8:14 AM GMT (Updated on: 11 Feb 2023 8:14 AM GMT)
Lucknow Ka Mausam 11 February 2023
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 11 February 2023: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (UP GIS 2023) जारी है। राजधानी में बहुत बड़ा आयोजन हो रहा है। इस समिट से एक तरफ 'धनवर्षा' की उम्मीद है तो दूसरी तरफ आम आदमी की नजर आसमान की ओर है। लखनऊ में शनिवार (11 फरवरी) को आसमान से राहत बरसेगी या आफत चलिए उसके बारे में बताएं।

लखनऊ का मौसम तेजी से करवट ले रहा है। आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार फ़रवरी का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि लखनऊ में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। दिन में तेज धूप निकल रही है। लोगों को धूप की तपिश से गर्मी का एहसास हो रहा है। आने वाले दिनों में भी मौसम पूरी तरह साफ रहेगा।

लखनऊ में आज दिन रहेगा गर्म

यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जबकि अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। अर्थात, शनिवार को दिन में धूप की तपिश बढ़ेगी। लेकिन, शाम होने के बाद ठंडी हवाएं राहत देगी। ज्यों-ज्यों रात गहराती जाएगी ठंडक का एहसास होगा। रात में लोगों को कंबल ओढ़ना पड़ेगा। मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की मानें तो इस वर्ष मार्च से ही प्रचंड गर्मी पड़ने की संभावना है। अनुमान है कि मार्च में ही तापमान 40 डिग्री के आंकड़े को छू सकता है।

11 से 13 फरवरी तक हवाओं का दौर

प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तड़के हल्के कोहरे की परत दिखायी दी। आंचलिक मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में तेज हवाओं का दौर रहेगा। 11 से 13 फरवरी तक हवाओं का प्रभाव रहेगा। इस कारण लोगों को फिर से ठंड का अहसास होगा। शनिवार को सुबह से ही धूप का असर दिखने लगा। दिन में हवाओं का प्रभाव कम होते ही तेज धूप की तपिश गर्मी बढ़ाएगी। अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। पिछले तीन दिनों के तापमान पर नजर डालें तो लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।

नोएडा-गाज़ियाबाद में फिर गिरेगा पारा

दिल्ली से सटे एनसीआर क्षेत्र नोएडा (Noida Weather) और गाजियाबाद (Ghaziabad Weather News) में शनिवार सुबह से ही आसमान साफ रहेगा। साथ ही, 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। हवाएं प्रदूषण के स्तर में कमी लाएगी। जिससे लोगों को राहत मिलेगी। दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है। दिन में धूप निकलने से उमस की स्थिति बन सकती है। रविवार से इन दोनों शहरों में मौसमी बदलाव की संभावना है। जिससे अधिकतम तापमान में कमी आएगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story