Lucknow Weather Today: हवा हुई मद्धम, चढ़ने लगा तापमान...19 फरवरी से लखनऊ में गर्मी दिखाएगी अपना रंग

Lucknow Ka Mausam 16 February 2023: हवाएं थमते ही लखनऊ का तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है। आने वाले दिनों में 6 डिग्री सेल्सियस तक पारा चढ़ेगा। मौसम का उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

aman
Written By aman
Published on: 16 Feb 2023 1:45 AM GMT
Lucknow Ka Mausam
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 16 February 2023: लखनऊ में रविवार से चल रही तेज हवाओं का दौर अब थम गया है। तीन दिनों तक चली तेज हवाओं ने तापमान में गिरावट लाई। पहाड़ों से चलने हवाओं ने राजधानी में सिहरन पैदा की। वहीं अब, हवा नरम और मौसम गर्म होने लगा है। आंचलिक मौसम विभाग के मुताबिक, हफ्ते के अंत तक अधिकतम तापमान में 6 डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा। 19 फ़रवरी से यूपी की राजधानी में गर्मी शबाब पर होगी। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान जताया जा रहा है।

आंचलिक मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने पूर्वानुमान में बताया कि, लखनऊ में अब तेज हवाओं का दौर थमने लगा है। आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि, इस बार मार्च में ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक चला जाएगा। 12 वर्षों बाद फ़रवरी में पारा इतना अधिक दर्ज किया गया है। फ़रवरी में ही अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है।

हवा की रफ्तार थमी, चढ़ने लगा पारा

राजधानी लखनऊ में तेज हवा का असर अब थम गया है। हल्की हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार मद्धम होते ही पारा ऊपर जाने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हफ्ते के अंत तक दर्ज की जाएगी। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार (16 फ़रवरी) को राजधानी का अधिकतम तापमान बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। बुधवार की तुलना में गुरुवार के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की

हफ्ते भर बाद गर्मी का दिखेगा कहर

उत्तर प्रदेश में तापमान अब ऊपर जाने लगा है। अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। ठंडी हवाओं की विदाई के साथ सूरज की तपिश देखने को मिलेगी। आंचलिक मौसम विभाग ने पहले ही कहा था कि, 19 फरवरी को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। लखनऊ के आसपास के जिलों का तापमान भी बढ़ रहा है। औद्योगिक नगरी कानपुर की बात करें तो यहां बुधवार को आसमान साफ रहा। गुरुवार को कानपुर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। आने वाले दिनों में कानपुर ही नहीं बल्कि बाराबंकी सहित अन्य जिलों में भी गर्मी बढ़ेगी।

अब चलेंगी दक्षिण-पश्चिम हवाएं

मौसम वैज्ञानिक बताते हैं, पिछले कई दिनों से तेज धूप के साथ खिली धूप निकली थी। पहाड़ों पर जमी बर्फ अब पिघलने लगी है। इस बीच प्रदेश में पछुआ हवा का असर देखने को मिला। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं का असर रहा। हालांकि, अब पछुआ हवा थम चुकी है। बावजूद एक-दो दिन शाम से ठंड का असर रहेगा। इसके बाद दक्षिण-पश्चिम हवाएं (south west winds) शुरू हो जाएंगी। जिससे तापमान में वृद्धि होगी। जानकार बताते हैं, होली तक यदि फिर से पछुआ हवाएं नहीं चली तो तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। जिस वजह से लोगों को गर्मी का एहसास होगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story