×

Lucknow Weather Today 19 April 2023: लखनऊ में आज भी प्रचंड गर्मी से होगा सामना, 46 डिग्री का टॉर्चर झेलने को रहें तैयार

Lucknow Ka Mausam 19 April 2023: मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी लखनऊ में 20 अप्रैल को एक बार फिर आसमान में बादलों का असर दिखाई देगा। कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है। हल्की बरसात शहरवासियों को तेज गर्मी से राहत दिलाएगी।

Aman Kumar Singh
Published on: 19 April 2023 5:00 AM GMT
Lucknow Weather Today 19 April 2023: लखनऊ में आज भी प्रचंड गर्मी से होगा सामना, 46 डिग्री का टॉर्चर झेलने को रहें तैयार
X
प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 19 April 2023 : उत्तर प्रदेश में गर्मी के तेवर और सख्त होते जा रहे हैं। बीते दिनों बादलों की आवाजाही से जो थोड़ी राहत मिल रही थी अब वो भी जाती रही। आसमान साफ रहने से तेज धूप का असर दिखाई दे रहा है। दिनोंदिन स्थिति और कष्टप्रद होती जा रही है। मौसम विभाग पहले से ही अप्रैल में झुलसाने वाली गर्मी की संभावना जाहिर कर रही थी। वैसा ही पड़ने भी लगा है। लखनऊ से लेकर नोएडा, गाजियाबाद, गोरखपुर, बुलंदशहर और झांसी में भी भीषण गर्मी का असर देखा जा रहा है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि बुधवार (19 अप्रैल) को पश्चिमी यूपी के अलग-अलग इलाकों में भी भीषण गर्मी पड़ सकती है। कमोबेश ऐसे ही हालात पूर्वी यूपी के भी रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने 18 और 19 अप्रैल को अत्यधिक गर्मी पड़ने का अनुमान जताया था। अधिकतम के साथ-साथ अब न्यूनतम तापमान भी तेजी से ऊपर जा रहा है। इसलिए प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है।

आज भी झुलसाएगी गर्मी, रहें संभलकर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राजधानी लखनऊ में बुधवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। जबकि, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। गर्मी के कारण राजधानीवासियों को दिक्कतें पेश आ रही है। मंगलवार को दोपहर में गर्म हवाओं ने लू जैसा एहसास कराया। लोग घरों-दफ्तरों में दुबके रहने को मजबूर हैं। आसमान से बादलों की गैरमौजूदगी के कारण रात में ओस का खासा असर दिख रहा है। ओस गिरने से शाम के बाद तपिश कम हो जाती है। अगले 5-6 दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है।

20 अप्रैल को लखनऊ में छिटपुट बारिश के आसार

आंचलिक मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी लखनऊ में 20 अप्रैल को एक बार फिर आसमान में बादलों का असर दिखाई देगा। कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है। हल्की बरसात शहरवासियों को तेज गर्मी से राहत दिलाएगी। IMD की मानें तो 30 अप्रैल को लखनऊ में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के इस अनुमान के बाद लोग सकते में हैं। लोगों के मन में एक ही सवाल है अगर, अप्रैल में तापमान 46 डिग्री तक जा सकता है तो मई-जून में हालात क्या होंगे?

पूर्वांचल के इलाकों में भीषण गर्मी

इसी तरह, प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र में भी भीषण गर्मी रंग दिखाने लगी है। गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या आदि शहरों में आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने का अनुमान जताया जा रहा है। दोपहर बाद गोरखपुर में गर्म हवाओं का असर दिखने लगा है। लोगों को लगातार बढ़ते तापमान के मद्देनजर सतर्क रहने को कहा गया है। दरअसल, जिले में करीब 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। गर्मी बढ़ने के बाद ये हवाएं लोगों के स्वास्थ्य के लिए घातक सिद्ध हो सकती हैं।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story