Lucknow Weather Today: लखनऊ में सर्द हवाओं से छूटी कंपकंपी, खिली धूप भी बेअसर..अब बारिश के लिए रहें तैयार

Lucknow Ka Mausam 19 January 2023: लखनऊ में खिली धूप ने थोड़ी राहत दी है मगर शीतलहर का कहर अभी थमता नजर नहीं आ रहा। आने वाले दिनों में हल्‍की बारिश की संभावना जताई गई है।

aman
Written By aman
Published on: 19 Jan 2023 1:28 AM GMT
Weather Today Update
X

Weather Today Update  (photo: social media )

Lucknow Ka Mausam 19 January 2023: यूपी की राजधानी लखनऊ कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। हालांकि, दिन के समय खिली धूप निकल रहे है। बावजूद लोगों को गलन वाली सर्दी का एहसास हो रहा है। सुबह और शाम के वक्त लखनऊ वासियों को कड़कड़ाती सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, दिन के समय धूप की वजह से सर्दी से कुछ राहत जरूर मिल रही है। आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो शीतलहर का कहर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, शीतलहर का असर (Cold Wave effect in Lucknow) 20 जनवरी के बाद कुछ हद तक कम हो सकता है। वहीं, 23 जनवरी से दिन का तापमान ऊपर चढ़ने लगेगा। मौसम पूर्वानुमान में बताया जा रहा है कि, दिन का तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। वहीं, रात के तापमान में वृद्धि होगी। 22 जनवरी के बाद रात का तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

20 जनवरी के बाद हो सकती है बारिश

आंचलिक मौसम विभाग, लखनऊ के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय है। जिस वजह से लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में सर्दी से राहत मिलेगी। हालांकि, इस बीच हल्की बारिश का भी अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 20 जनवरी के बाद हल्की बारिश होने की संभावना है। बुधवार (18 जनवरी) को राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, दिन में खिली धूप से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली।


बर्फीली हवाओं से लखनऊ में गलन वाली ठंड

लखनऊ में 4 से 5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही है। बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में गलन वाली ठंड बढ़ा दी है। दरअसल, पहाड़ी राज्यों में इन दिनों जमकर बर्फबारी हुई है। जिसका असर अब लखनऊ में भी देखने को मिल रहा है। हालांकि, आगामी दिनों में राहत की उम्मीद जतायी जा रही है। मौसम विभाग ने शनिवार से प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाने तथा कुछ जगहों पर हल्की-फुल्की बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ों पर बर्फबारी तथा मैदानी हिस्सों में बारिश हो सकती है। यूपी के कई जिलों में मध्यम बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान है। वहीं, करीब 25 जिलों में शीतलहर का अनुमान है।

वेस्ट यूपी और बुंदेलखंड में सर्दी का सितम

आंचलिक मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों में सर्दी का सितम जारी है। मुजफ्फरनगर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मुजफ्फरनगर यूपी का सबसे सर्द जिला रहने वाला है। बुधवार की रात यहां का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। वहीं, बुंदेलखंड के इलाकों और पूर्वांचल में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है। कानपुर देहात और कानपुर नगर में इस साल ठंड ने कहर बरपा रखा है। इन दोनों इलाकों में अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान क्रमशः 5 डिग्री सेल्सियस से लेकर 2 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। धर्मनगरी वाराणसी में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story