×

Lucknow Weather Today: किसानों के लिए आफत बनकर बरसे बदरा, लखनऊ में आज भी रिमझिम फुहार के आसार

Lucknow Ka Mausam 19 March 2023: मौसम विभाग ने लखनऊ में रविवार को भी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

Aman Kumar Singh
Published on: 19 March 2023 5:00 AM GMT (Updated on: 19 March 2023 7:06 AM GMT)
Lucknow Weather Today: किसानों के लिए आफत बनकर बरसे बदरा, लखनऊ में आज भी रिमझिम फुहार के आसार
X
Lucknow Weather Today (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 19 March 2023: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम सुहावना। आसमान में बदल उमड़-घुमड़ रहे हैं तो बीच-बीच में बूंदाबांदी भी हो रही है। हवाओं में भी ठंडक है। मौसम के बदले रूप को देखते हुए युवा सैलानी शहर में घूमने-फिरने निकल पड़े हैं। प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई है। शुक्रवार की तरह शनिवार को भी आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रही। कई जिलों में तेज आंधी-पानी के साथ बारिश कहर बनकर बरसी। बारिश से जहां बढ़ती गर्मी से राहत मिली वहीं, किसानों के लिए ये आफत की बारिश साबित हुई।

इस बरसात से आलू, गेहूं और सरसों की फसलों को खासा नुकसान हुआ है। किसान अभी से चिंता में हैं। बारिश ने उनकी उम्मीदों को धरातल पर ला दिया। मौसम में बदलाव का असर रविवार (19 मार्च) को भी दिखेगा। आंचलिक मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वांचल से लेकर वेस्ट यूपी तक पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पूर्वानुमान में कहा गया है कि 20 मार्च तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। लखनऊ में भी हल्की से मध्यम बारिश के भी आसार हैं। आगामी दो दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है।

ओला-बारिश से आम की फसल को नुकसान

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह से ही बादलों का आना-जाना लगा है। बारिश के बाद मौसम में नरमी दिख रही है। इस साल फ़रवरी से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। लगातार बढ़ते तापमान पर बारिश ने ब्रेक लगा दिया है। ठंडी हवाओं ने भी गर्मी से निजात दिलायी है। किसान बताते हैं ये बारिश रबी फसल (Rabi crop) के लिए मुसीबत बनकर आई है। ओला पड़ने से आम का फसल भी प्रभावित हुआ है। आज भी दिन में हल्की बारिश की संभावना है। इस बीच हवाएं लोगों को ठंडक का अहसास कराती रहेगी। लखनऊ में दिन में धूप के दर्शन हो सकते हैं। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

लखनऊ के आसपास तेज बारिश

वहीं, लखनऊ के आसपास के जिलों में भी मौसमी बदलाव का असर दिख रहा है। राजधानी से सटे बाराबंकी में तेज बारिश हुई है। जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। बारिश के साथ-साथ यहां ओले भी पड़े हैं। ओलावृष्टि से फसलों को काफी क्षति पहुंची है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली भी गिरी है। एक स्थान पर बिजली गिरने से एक युवती की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग झुलस गए। शुक्रवार को अचानक हुई बरसात से खेतों में पड़ी आलू की फसल भींग गई।

पूर्वांचल में भी मौसम बदला-बदला

पूर्वांचल के जिलों में भी बारिश से मौसम बदला-बदला सा है। अधिकांश हिस्से में आसमान में बादल छाए हुए हैं। धर्मनगरी वाराणसी में शनिवार सुबह से ही बारिश जैसी स्थिति बनी रही। रविवार को भी कई इलाकों में सुबह से ही हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। दिन में भी रुक-रूक कर बारिश हो सकती है। गोरखपुर में बादल छाए हुए हैं। दिन में हल्की बारिश की संभावना है। शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story