×

Lucknow Weather Today: यूपी घने कोहरे की चादर में, मुज़फ्फरनगर-मेरठ में कड़ाके की सर्दी,..लखनऊ से गोरखपुर तक का जानें हाल

Lucknow Weather Today 22 December: यूपी में पारा तेजी से गिरने से कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। यहां देखें अपने जिले का हाल।

aman
Written By aman
Published on: 22 Dec 2022 1:16 AM GMT
Weather Today
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Weather Today 22 December: उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में सुबह और शाम के वक्त घने कोहरे से जनजीवन पर खासा असर पड़ा है। आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में हालात और बदतर होंगे। सरकार की तरफ से जिलों में रैन बसेरे का प्रबंध किया गया है। बीते 48 घंटे के दौरान प्रदेश में कोहरे की वजह से कई जगहों पर सड़क हादसे हुए। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिन सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। राजधानी लखनऊ में सर्द बर्फीली हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है।

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विभाग के मोहम्मद दानिश ने बताया कि, प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दो दिनों से घना कोहरा देखने को मिल रहा है। उत्तर-पूर्वी तथा दक्षिणी इलाकों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा पड़ रहा है। वातावरण में नमी बढ़ने के कारण ज्यादातर जिलों में ठंड का असर बढ़ा है। अनुमान जताया जा रहा है दो दिनों बाद हल्की राहत मिल सकती है। प्रदेश में आने वाले दिनों में घना कोहरा देखने को मिलेगा।

'Humidity' बढ़ने से वातावरण में नमी

यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। विशेषज्ञ बताते हैं Humidity बढ़ने के कारण वातावरण में नमी है। पहाड़ों से चल रही बर्फीली हवाओं और ओस की वजह से राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान लगातार गिर रहा है। जिससे लोगों को भीषण सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। लखनऊ में पहले ठंडी हवाओं की रफ्तार अधिक थी। अब जबकि रफ्तार थमने लगे हैं तो धुंध और कोहरे ने स्थिति गंभीर कर दिए हैं। लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य जिलों में आगामी दो-तीन दिन तक कई स्थानों पर घना कोहरा छाया रहेगा। गुरुवार को लखनऊ में करीब 500 मीटर तक दृश्यता (Visibility) रहने का पूर्वानुमान है। लखनऊ का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हल्के बादलों के छंटने के बाद न्यूनतम तापमान और गिरने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। IMD ने लखनऊ और आसपास के इलाकों में घने कोहरे को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया हुआ है।


लखनऊ में कोहरे से राहत

लखनऊ शहर में गुरुवार सुबह भी हल्का कोहरा देखा गया। हवा के कारण धुंध जैसी स्थिति में कमी रही। इससे गाड़ी चालकों को सड़क पर दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा। जबकि, सोमवार और मंगलवार को घने कोहरे के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई थी। हालांकि, दिन में धूप निकलने से ठंड से राहत जरूर मिलेगी। लखनऊ में बुधवार को दिन का तापमान दो दिनों से 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया था। सुबह हल्की धूप जैसी स्थिति गुरुवार को भी बनी रहेगी। इससे लोगों को दिन में ठंड का अहसास होगा। शाम होते ही सर्दी एक बार फिर शहर को अपने आगोश में ले लेगी।

रामनगरी अयोध्या भी 'ठिठुरा'

मौसम विभाग की रिपोर्ट की मानें तो 'बीते 24 घंटे के दौरान अयोध्या (Ayodhya Weather Today), आगरा (Agra Weather) और कानपुर मंडलों में दिन के तापमान में अच्छी गिरावट दर्ज की गई है। आगामी 24 घंटे के दौरान लखनऊ और उसके आसपास के हिस्सों में दिन का तापमान 19 डिग्री तथा रात के समय पारा गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर आ जाएगा। यूपी में रामनगरी अयोध्या का तापमान गुरुवार को न्यूनतम 8 डिग्री और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सोमवार को अयोध्या का मिनिमम टेंपरेचर 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।


इन जिलों में भी तापमान 10 डिग्री के नीचे

पूर्वांचल के जिलों में भी तापमान तेजी से नीचे गया है। गोरखपुर, बलिया और बस्ती में भी न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी पारा 10 डिग्री के आसपास ही रह रहा है। वेस्ट यूपी में गलन वाली सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को मेरठ में तापमान 7 डिग्री, कानपुर नगर 8 डिग्री, फुर्सतगं 7.6 डिग्री औप मुजफ्फरनगर में 3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। वहीं, वाराणसी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। वाराणसी में भी घना कोहरा छाया रहेगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story