×

Lucknow Weather Today: यूपी में बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई गलन, लखनऊ में ठिठुरे लोग..कोहरे का कहर जारी

Lucknow Weather Today 28 December 2022: यूपी में पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। लखनऊ सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान तेजी से नीचे गिरा है। कोहरे का साया बरकरार रहेगा।

aman
Written By aman
Published on: 28 Dec 2022 2:05 AM GMT
Lucknow Weather Today
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

Lucknow Weather Today 28 December 2022: यूपी में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को अचानक तापमान तेजी से नीचे आ गया। सर्दी के सितम का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि कुछ जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो उत्तर-पश्चिम मैदानों को पार कर आ रही बर्फीली हवाओं के कारण दिन का तापमान भी नीचे आया है। ठंड बढ़ने और पारा फिसलने के साथ-साथ कोहरे ने वाहनों की रफ्तार भी कम कर दी है।

उत्तर प्रदेश में गलन वाली सर्दी और घना कोहरा भी जमकर पड़ रहा है। आंचलिक मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक घना कोहरा रहने का पूर्वानुमान जताया जा रहा है। बुधवार (28 दिसंबर) को भी राजधानी लखनऊ में गलन वाली सर्दी लोगों की समस्याएं बढ़ाएगी।


लखनऊ में गलन वाली सर्दी, गिरेगा तापमान

नए साल के आने से पहले यूपी में कड़ाके की सर्दी ने दस्तक दे दी। मंगलवार को राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर चली बर्फीली हवाओं ने सिहरन पैदा की। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को भी लखनऊ के लोगों को गलन का एहसास होगा। IMD का अनुमान है कि, तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट अब दर्ज की जाएगी। सुबह के वक्त मध्यम कोहरा बना रह सकता है। दिन के समय भी ठंडी हवाएं लोगों को परेशान करेगी। लेकिन, शाम से एक बार फिर सर्दी का कहर देखने को मिलेगा। बुधवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है। रात होते ही अधिकतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक चला जाएगा।


दिन चढ़ने के साथ राहत,..बढ़ेगी ठंड

उत्तर प्रदेश के हर जिले में न्यूनतम तापमान नीचे गया है। कई शहरों में शीतलहर (Cold Wave) का प्रकोप बना हुआ है। यूपी में बुंदेलखंड और तराई वाले इलाकों में पारा तेजी से नीचे गया है। झांसी में तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस, बरेली और आगरा में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आंचलिक मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि, बुधवार लखनऊ सहित आसपास के जिलों में सुबह के वक्त मध्यम कोहरा रह सकता है। दिन के समय आसमान साफ रहेगा। लेकिन, बर्फीली हवाएं ठिठुरन बनाए रखेगी।

अगले 5 दिन आसमान साफ, नहीं होगी बारिश

औद्योगिक नगरी कानपुर में भी ठंड चरम पर है। कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी के अनुसार, अगले 5 दिनों में साफ आसमान रहेगा। जिस कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं रहेगी। कानपुर में बुधवार सुबह और रात के वक्त ठंड-कोहरा बना रहेगा। आसपास के जिलों में बुधवार सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रह सकता है। दृश्यता (Visibility) कम होने के कारण गाड़ियों की रफ्तार धीमी रहेगी। शाम होते ही एक बार फिर बर्फीली सर्द हवाओं के कारण तापमान नीचे जाएगा।


मौसम के बारे में ये जानना है जरूरी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यूपी में दृश्यता (Visibility) 0 से 50 मीटर के बीच रहने पर 'बेहद घना कोहरा', 51 मीटर से 200 मीटर के बीच 'घना कोहरा', 201 मीटर से 500 मीटर के बीच 'मध्यम कोहरा' और 501 से 1,000 मीटर के बीच रहने पर 'हल्का कोहरा' माना जाता है। इसी तरह, जब न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है तो शीतलहर की घोषणा की जाती है। यहां ये भी जान लें कि, शीतलहर की घोषणा तब भी होती है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो या सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story