Lucknow Weather Today: होली से पहले बदलेगा लखनऊ का मौसम, 2 मार्च तक बारिश का अनुमान...जानें आज का हाल

Lucknow Ka Mausam 28 February 2023: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश में बारिश की संभावना है। उम्मीद है वेस्ट यूपी में बरसात से लखनऊ की फिजां में भी बदलाव हो सकता है।

aman
Written By aman
Published on: 28 Feb 2023 12:22 PM GMT (Updated on: 28 Feb 2023 12:22 PM GMT)
Lucknow Ka Mausam
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 28 February 2023: उत्तर प्रदेश सहित देश के अधिकांश राज्यों में इस साल फरवरी का महीना बेहद गर्म रहा। तापमान में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई। फरवरी के दूसरे हफ्ते की शुरुआत से पारा ऐसा चढ़ा कि, अप्रैल-मई जैसी गर्मी का एहसास करवाने लगा। लखनऊ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार चला गया। हालांकि, बीच-बीच में बादलों की लुकाछिपी और हवाओं ने धूप की तपिश को कम किया।

राजधानी लखनऊ में सोमवार अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री की वृद्धि यानी 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड की गई। लखनऊ के आसपास के जिलों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। कानपुर, बाराबंकी, अयोध्या का भी तापमान 31-32 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है। वहीं, वाराणसी हो या बुंदेलखंड का इलाका या फिर आगरा इन जिलों का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। मंगलवार (28 फ़रवरी) को लखनऊ का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

हल्की बारिश, देगी राहत

यूपी में फरवरी में पड़ रही गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। आंचलिक मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने पहले ही अनुमान जताया है कि इस बार मार्च में गर्मी पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ देगी। लेकिन, इस बीच राहत वाली खबर है कि, मार्च के पहले सप्ताह में प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। बारिश की बूंदे चढ़ते तापमान से राहत दिलाएगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित आसपास के कई जिलों में हल्‍की-फुल्की बारिश की संभावना है। उम्मीद की जा रही है इससे लखनऊ के मौसम में भी कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।

नया विक्षोभ एक्टिव, 2 मार्च तक बारिश

प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र ने मौसम पूर्वानुमान में बताया कि, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। मंगलवार (28 फरवरी) को नया विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। दरअसल, एक मध्यम तीव्रता वाला वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 28 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र तक पहुंच जाएगा। जिससे 28 फरवरी से 2 मार्च के बीच राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

तापमान बढ़ने से किसान हलकान

मौसम में तेजी से बदलाव किसानों को भी परेशान कर रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मार्च के पहले हफ्ते में कुछ दिन भले ही गर्मी से राहत मिल जाए, लेकिन धीरे-धीरे तापमान ऊपर जएगा। महीने के अंत तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तापमान फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। अधिक तापमान की वजह से फसलें जल्दी पक रही हैं। खासकर गेहूं की फसल प्रभावित हो रही है। आशंका जाहिर की जा रही है तापमान इस वर्ष गेहूं के उत्पादन पर विपरीत असर डाल सकती है। गर्मी की वजह से जमीन सुख गई है। जो फ़रवरी में नमी के साथ रहा करती थी। नमी गेहूं की फसल के लिए लाभदायक रहता है। लेकिन, इस बार हालात उलट है। इसलिए किसान अभी से परेशान हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story