×

Lucknow Weather Today: लखनऊ में टूट रहा ठंड का रिकॉर्ड, शीतलहर-कोहरे का सितम जारी..जानें अन्य जिले का हाल

Lucknow Ka Mausam 29 December 2022: IMD के अनुसार, अगले 24 घंटे तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। रात और सुबह कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा।

aman
Written By aman
Published on: 29 Dec 2022 2:26 AM GMT
Lucknow Weather Today: लखनऊ में टूट रहा ठंड का रिकॉर्ड, शीतलहर-कोहरे का सितम जारी..जानें अन्य जिले का हाल
X

Lucknow Weather Today 29 December 2022: लखनऊ में टूट रहा ठंड का रिकॉर्ड, शीतलहर-कोहरे का सितम जारी..जानें अन्य जिले का हालपहाड़ों पर बर्फबारी और बर्फीली हवाओं ने यूपी में ठिठुरन और हाड़ कंपाने वाली ठंड बढ़ा दी है। हालात ये हैं कि अधिकांश जिलों में लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। घने कोहरे (Dense Fog) और शीतलहर (Cold Wave in UP) की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे गया है। जिसके चलते लोगों को दिन में भी सर्दी का कहर झेलना पड़ रहा है। मंगलवार को राजधानी लखनऊ में ठंड ने 10 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कमोबेश यही हालात अन्य जिलों के भी हैं। वेस्ट यूपी और एनसीआर में सर्दी का सितम देखने को मिल रहा है।

आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो आगामी 24 घंटे तक ऐसा ही मौसम रहने का पूर्वानुमान जताया जा रहा है। गुरुवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्से में रात और सुबह के वक्त घना कोहरा देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से प्रदेश में बूंदाबांदी हुई। बारिश भले ही हल्की हुई, मगर तापमान तेजी से नीचे गया। इसके अलावा बर्फीली हवा ने भी ठंड बढ़ाने में मदद की। हिमालयी क्षेत्रों (Indian Himalayan Region) और रेगिस्तानी इलाकों से होकर गुजरने वाली हवाओं ने भी तापमान पर खासा असर डाला।


लखनऊ में रिकॉर्ड तोड़ ठंडी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है। बर्फीली हवाओं ने दिन का तापमान भी नीचे ला दिया। दिन में धूप होने के बावजूद लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। मंगलवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिसंबर महीने में 10 सालों में ये सबसे कम रहा। अधिकतम तापमान भी गिरकर 17.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। इससे पहले सोमवार को भी अधिकतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। लखनऊ में सर्द हवाएं दिन के समय भी चुभती महसूस हो रही हैं। गुरुवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रात में अधिकतम और न्यूनतम पारा और नीचे जाएगा।

'विंड चिल फैक्टर' का असर

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो दिन और रात के तापमान में अधिक गिरावट देखी जा रही है। अनुमान जताया जा रहा है कि, गुरुवार के बाद लखनऊ वासियों को ठंड से मामूली राहत मिल सकती है। लेकिन, साल के अंत तक एक बार फिर गलन वाली सर्दी लोगों को फिर घरों में कैद रहने को मजबूर करेगी। 'विंड चिल फैक्टर' की वजह से ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है।


ताजनगरी में भी सिहर उठे लोग

ताजनगरी आगरा में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। बीते 72 घंटे में ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है। आगरा में गुरुवार को भी 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी। जिले का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना है। जिला प्रशासन ने रैन बसेरा तो नगर निगम ने हीटर लगाने के पर्याप्त प्रबंध किए हैं। गरीब लोगों को फुटपाथ के पास कूड़ा जलाकर ठंड से बचने का प्रयास करते देखा गया। कहीं-कहीं अलाव की मदद से लोगों को ठंड से बचने की कोशिश करते देखा गया।

पश्चिमी यूपी के कई जिलों में शीतलहर जारी

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर का प्रकोप बरकरार है। शाहजहांपुर, मेरठ और बरेली में ठंड का कहर जारी है। बुलंदशहर, मुज़फ्फरनगर और सहारनपुर में भी पिछले 15 दिनों से कड़ाके की सर्दी के बीच लोगों की आंखे खुल रही है। पछुआ हवाओं ने इस इलाके में गलन में लगातार इजाफा किया। शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत और मेरठ में भी ठंड का 'डबल अटैक' लोगों को देखने को मिल रहा है। इन जिलों में भी न्यूनतम तापमान 6-7 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story