Lucknow Weather Today: लखनऊ में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं का असर, दोपहर में खिली धूप..5 फ़रवरी के बाद राहत

Lucknow Ka Mausam 03 February 2023: मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है कि 5 फ़रवरी के बाद लखनऊवासियों को सर्दी से राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान बढ़ेगा।

aman
Written By aman
Published on: 3 Feb 2023 1:50 PM GMT (Updated on: 3 Feb 2023 1:50 PM GMT)
Lucknow Ka Mausam 03 February 2023
X

 प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 03 February 2023: यूपी की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार (03 फरवरी) को भी तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। शहर के बाहरी इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। सुबह 8 बजे के बाद धूप के भी दर्शन होंगे। अच्छी खिली धूप से मौसम साफ नजर आ रहा है। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि, इन दिनों अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस नीचे रह रहा है। इसकी मुख्य वजह पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में इन दिनों अच्छी बर्फबारी हो रही है। जिससे उत्तर भारत के कई राज्यों का तापमान नीचे गया है। इससे लोगों को एक बार फिर ठंड का एहसास हो रहा है। बर्फीली हवाएं लखनऊवासियों को भी परेशान कर रही है।

लखनऊ वासियों को 5 फरवरी से राहत

आंचलिक मौसम विभाग का कहना है कि, अभी एक-दो दिनों तक इसी प्रकार का मौसम रह सकता है। 5 फरवरी के बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी। पारा गिरने से सुबह और शाम के वक़्त लखनऊवासियों को ठंड का अहसास हो रहा है। 5 फ़रवरी के बाद ही सर्दी से राहत की उम्मीद है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्द हवाओं का असर पहले की अपेक्षा कम हुई है। आने वाले दिनों में जब तापमान में बढ़ोतरी होगी तो उमस भी बढ़ेगी।

पहाड़ों की बर्फबारी से राजधानी की रातें सर्द

पहाड़ों पर बर्फबारी का असर उत्तर प्रदेश की राजधानी सहित अन्य जिलों में भी ठंड के रूप में देखा जा रहा है। सर्द हवाएं तापमान को नीचे ले जाने में मददगार रही हैं। इसी वजह से सर्दी का एहसास अभी भी बना हुआ है। हालांकि, अब दिन में कोहरे और शीतलहर जैसा माहौल नहीं है। न ही कड़कड़ाती ठंड पड़ रही है। लेकिन, बर्फीली हवाओं का असर तब तक लखनऊ में दिखाई देगा जब तक पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। बर्फ़बारी थमते ही मौसम साफ हो जाएगा। आने वाले दिनों में भी धूप निकलने से दिन के समय लोगों को सर्दी से राहत मिलेगी। हालांकि, अभी रात का तापमान थोड़ा ज्यादा नीचे रह रहा है। इस सप्ताह बीते चार-पांच दिनों में लखनऊ का न्यूनतम तापमान रात के समय 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह रहा है।

कई जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे

लखनऊ मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के एटा में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 8 डिग्री सेल्सियस, मुरादाबाद में 9 डिग्री सेल्सियस जबकि, मेरठ में भी 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा। अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहेगा। एनसीआर क्षेत्र नोएडा (Noida Weather) और गाजियाबाद (Ghaziabad Weather) में भी शुक्रवार की सुबह लोगों को सुहावनी सुबह दिखी। बसंत के मौसम का असर दिखने लगा है। सुबह से धूप निकलने के बाद लोगों को ठंड से राहत मिलने का अनुमान है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story