×

Lucknow Weather Today: लखनऊ में सर्दी का टूट रहा रिकॉर्ड, यूपी में अगले 5 दिन चलेगी बर्फीली हवाएं, येलो अलर्ट जारी

Lucknow Ka Mausam 03 January 2023: लखनऊ में सर्दी रिकॉर्ड तोड़ रही है। मंगलवार को भी कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। अन्य जिलों में भी बर्फीली हवाओं ने कहर बरपा रखा है।

aman
Written By aman
Published on: 3 Jan 2023 12:18 PM GMT (Updated on: 3 Jan 2023 12:18 PM GMT)
Lucknow Ka Mausam 03 January 2023:
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 03 January 2023: उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में कड़ाके की सर्दी और कोहरे का असर दिखाई दे रहा है। नए साल साल की शुरुआत ही कोहरे और शीतलहर के साथ हुई। नए साल के पहले हफ्ते के दूसरे दिन भी धुंध छाई रही। जिससे आवाजाही करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राजधानी लखनऊ में भी अधिकतम और न्यूनतम पारा नीचे गया। ट्रेन, बस और हवाई सफर करने वालों को घंटों देरी से सफर करना पड़ रहा है। प्रदेश के शहरी इलाकों में कोहरा भले ही कम है, मगर गलन वाली सर्दी परेशान किए हुए है। घना कोहरे ने हाईवे पर ट्रैफिक की रफ्तार बिल्कुल कम कर दी है।

यूपी में जनवरी 2023 का पहला हफ्ता गलन भरी ठंड के बीच ही बीतेगा। आने वाले दिनों में ठंड के तेवर और तीखे होंगे। आंचलिक मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में 5 जनवरी तक शीतलहर (Cold Wave in UP) और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert in UP) तो कुछ के लिए येलो अलर्ट (Yellow Alert in UP) जारी किया है। नए साल की पहली तारीख को भी दिन-रात का तापमान कम रहा था। घने कोहरे और गलन ने प्रदेशवासियों की मुसीबतें बढ़ा दी है। पहाड़ों से चल रही बर्फीली हवाओं से लोग बेहाल हैं। वेस्ट यूपी के जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।


लखनऊ में और सर्द होगा मंगलवार

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्दी का आलम ये है कि साल के पहले दिन लखनऊ में बीते 3 साल में सबसे सर्द पहली जनवरी रही। इससे पहले 2020 से लेकर 2022 तक हर वर्ष की पहली जनवरी का अधिकतम तापमान 20 डिग्री से अधिक रहा। मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार (03 जनवरी) को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 20 डिग्री के करीब रहने का पूर्वानुमान है।

आने वाले दिनों के लिए चेतावनी

अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एम. दानिश (M. Danish) ने बताया कि, आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। 4 जनवरी तक उत्तर प्रदेश के कई शहरों में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। ऐसे मौसम में बच्चों और बूढ़ों को संभलकर रहने की हिदायत दी गई है। साथ ही, अधिकांश इलाकों में घना कोहरा रहेगा। ठंड के मद्देनजर सोमवार को कई जिलों में 8वीं तक के स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए स्कूलों को खोलने के आदेश जारी हुए हैं। वहीं, वाराणसी (Varanasi) और सहारनपुर (Saharanpur) जिलों में 5 जनवरी तक स्कूलों को बंद कर दिया गया है।


IMD की चेतावनी, रहेगा कोल्ड-डे

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, यूपी में घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। विभाग की मानें तो अगले 5 दिन प्रदेश में बर्फीली हवाएं चलेंगी। वहीं, जगह-जगह अलाव जलाकर लोग शीतलहर से बचने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। विभाग ने 4 जनवरी तक पूरे प्रदेश में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जाहिर किया है। इस बीच ट्रेन, बस और फ्लाइट संचालन में दिक्कतें आएंगी। 5 जनवरी तक प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा रहने, कोल्ड-डे (cold day) और कोल्ड वेव (cold wave) की स्थितियां बनी रहेंगी। सीतापुर (Sitapur), जालौन (Jalaun), हमीरपुर (Hamirpur), महोबा (mahoba), झांसी (Jhansi), ललितपुर (Lalitpur), बिजनौर (Bijnor), अमरोहा (Amroha), शाहजहांपुर (Shahjahanpur), संभल और बदायूं (Badaun) में कहीं अधिक तो कहीं सिर्फ ठंडे दिनों की चेतावनी जारी की गई है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story