Lucknow Weather Today: मार्च में मई जैसी गर्मी, अभी और चढ़ेगा तापमान, इस साल टूट सकता है पिछला रिकॉर्ड

Lucknow Ka Mausam 03 March 2023: लखनऊ लगातार गर्म हो रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया है कि, शुक्रवार को मौसम और गर्म रहेगा। इस साल गर्मी कई रिकॉर्ड तोड़ सकती है।

aman
Written By aman
Published on: 3 March 2023 1:13 AM GMT
Lucknow Ka Mausam
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 03 March 2023: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गर्मी बढ़ती जा रही है। पर्यावरण वैज्ञानिकों की मानें तो जलवायु परिवर्तन (Global warming) और बढ़ते प्रदूषण का असर यूपी के मौसम पर साफ दिख रहा है। इस साल पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से फरवरी ने अप्रत्याशित गर्मी पड़ी। दशकों का रिकॉर्ड टूटा। समय से पहले गर्मी असर दिखाने लगी। मौसम तेजी से बदल रहा है। अगर, यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में मार्च महीने में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।

इस साल सर्दी के दिनों में कमी रही। पिछले साल दिसंबर के दूसरे हफ्ते के बाद सर्दी बढ़ी थी। अमूमन, उस समय तक प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ने लगती थी। वहीं, फरवरी के पहले सप्ताह से ही गर्मी का असर दिखने लगा। ज्यों-ज्यों दिन आगे बढ़े तापमान चढ़ने लगा। गर्मी का समय से पहले आना मौसम चक्र को प्रभावित कर रहा है। तापमान के साथ लखनऊ के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में भी वृद्धि हो रही है। दरअसल, हवा की रफ्तार धीमी पड़ने से शहर की वायु प्रदूषित हो रही है।

लखनऊ में 33 डिग्री तक पहुंचा तापमान

राजधानी लखनऊ में गुरुवार को आसमान साफ रहा। तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला। सुबह के समय तेज हवाएं चली। हालांकि, सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड महसूस की गई। आकाश साफ होने की वजह से दोपहर के समय धूप की तपिश लोगों को परेशान करती रही। धूप में कुछ समय खड़े रहने के बाद लोगों को पेड़ों की छांव में खड़ा देखा गया। गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 17 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अनुमान है कि, शुक्रवार (03 मार्च) को तापमान और चढ़ेगा। आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 33 डिग्री तो न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। कहने का मतलब है कि, मार्च में ही मई जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है।

गर्मी ने 122 वर्षों का तोड़ा रिकॉर्ड

उत्तर प्रदेश सहित देश भर में इस साल फरवरी का महीना सबसे ज्यादा गर्म रहा। गर्मी ने 122 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा। मौसम विभाग पहले से आगाह कर रहा है कि, ये साल गर्मी के पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ेगी। अत्यधिक गर्मी का सबसे बड़ा कारण मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव होना बताया जा रहा है। इससे पहले वर्ष 1901 में फरवरी माह में इतनी गर्मी हुई थी। तब पूरे महीने का औसत तापमान 0.81 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा था। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, आगामी दिनों में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। लखनऊ से सटे कानपुर में अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 3 और न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

किसानों की फसल पर संकट

किसानों का कहना है कि तापमान में लगातार वृद्धि से गेहूं की फसल झुलसने का खतरा मंडराने लगा है। समय से पहले मौसम का गर्म होना और पारा सामान्य से ऊपर जाना गेहूं की फसल को नुकसान दे सकता है। किसानों का कहना है वर्तमान मौसम गेहूं की फसल पर प्रतिकूल असर डाल रहा है। ऐसे में उत्पादन और गेहूं की गुणवत्ता पर भी असर पड़ेगा। किसान 15 से 20 जनवरी तक गेहूं की पछेती प्रजाति की बुवाई करते हैं। इस गर्मी में खेतों की नमी सूख चुकी है। ऐसे में वर्तमान मौसम गेहूं की फसल के लिए अनुकूल नहीं है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story