×

Lucknow Weather Today: लखनऊ में झमाझम हुई बारिश, 3 मई तक राजधानी का मौसम रहेगा खुशगवार

Lucknow Weather Today 30 April 2023: मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ में 3 मई तक आंधी-बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी। घूमने-फिरने वालों के लिए मौसम सुहाना रहेगा।

Aman Kumar Singh
Published on: 30 April 2023 7:05 AM GMT (Updated on: 30 April 2023 5:19 PM GMT)
Lucknow Weather Today: लखनऊ में झमाझम हुई बारिश, 3 मई तक राजधानी का मौसम रहेगा खुशगवार
X
Lucknow Weather Today 30 April 2023 (Social Media)

Lucknow Weather Today 30 April 2023: यूपी की राजधानी लखनऊ के आसमान में बादलों की आवाजाही लगी है। बादलों के उमड़-घुमड़ से राजधानी वासियों को चिलचिलाती धूप से राहत मिली है। बीच-बीच में ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में रविवार (30 अप्रैल) को बारिश की संभावना जताई गई है। दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में शुक्रवार और शनिवार को छिटपुट बारिश हुई, जिससे लखनऊ का मौसम सुहाना रहा।

राजधानी लखनऊ में शनिवार की सुबह तेज धूप निकली थी। लेकिन, दोपहर बाद अचानक मौसम बदलने लगा। आसमान में काले बादलों ने डेरा जमा लिया। हालांकि, लखनऊ के बदले मौसम से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। सुबह से ही चमकती खिली धूप से लोगों को राहत मिली। वीकेंड में दोपहर बाद मौसम सुहाना होने से सैलानी घरों से निकले। युवाओं को घूमते -फिरते और सैर-सपाटे करते देखा गया। साथ ही, ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा रही है।

लखनऊ में 2 से 3 मई तक बारिश के आसार

अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया, 'पश्चिमी विक्षोभ (WD) का असर दिखने लगा है। लखनऊ के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई है। काले बादल छाने से उमस और तपिश दोनों ही कम हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया कि, आगामी 2 और 3 मई तक लगातार मौसम इसी तरह बना रहेगा। तेज हवाओं के साथ बरसात के आसार बने रहेंगे।'

दोपहर बाद तेज बरसात !

लखनऊ में रविवार को बारिश का पूर्वानुमान पहले ही जारी किया गया है। 30 अप्रैल को राजधानी का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इस दौरान दिन भर 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी। आर्द्रता 78 प्रतिशत के करीब रहेगी। रविवार को दोपहर बाद तेज बारिश की संभावना है। अगर, आप लखनऊ में रहते हैं और रविवार को कहीं घूमने का मन बना रहे हैं तो मौसम आपका पूरा साथ देने को तैयार है। बादलों की आवाजाही और ठंड हवाओं से राजधानी का तापमान नीचे गिरेगा। ऐसे में युवा, बूढ़े, बच्चे मौसम का लुत्फ उठा सकते हैं।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। 2 और 3 मई तक राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के सभी जिलों में 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। बारिश के बाद 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज किए जाने की उम्मीद है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story