×

Lucknow Weather Today: बर्फीली हवाओं से ठिठुरा लखनऊ, यूपी के कई जिलों में दिन में भी बढ़ेगी ठंड..और लुढ़केगा पारा

Lucknow Ka Mausam 30 December 2022: यूपी में पिछले 5 दिन से बर्फीली हवाओं का असर देखने को मिला है। लखनऊ सहित प्रदेश के तमाम जिलों में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।

aman
Written By aman
Published on: 30 Dec 2022 1:32 AM GMT
Lucknow Weather Today: बर्फीली हवाओं से ठिठुरा लखनऊ, यूपी के कई जिलों में दिन में भी बढ़ेगी ठंड..और लुढ़केगा पारा
X

Lucknow Ka Mausam 30 December 2022: यूपी में पहाड़ी राज्यों से भी भीषण सर्दी पड़ रही है। राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश में और कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। वेस्ट यूपी में शीतलहर और कोहरे का प्रभाव बरकरार है। IMD की मानें तो प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में 29 से 31 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकॉर्ड की जा सकती है।

आंचलिक मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नए साल पर तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, पहाड़ों से चलने वाली तेज पछुआ हवाओं के चलते प्रदेश में कोहरे की मार भी देखने को मिलेगी। पूर्वांचल और बुंदेलखंड के इलाकों में भी गलन वाली सर्दी पड़ने लगी है। लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। रामनगरी अयोध्या और संगमनगरी इलाहाबाद में भी पारा बहुत नीचे चला गया है। बुधवार को अयोध्या प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा, प्रदेश के 20 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया।


लखनऊ में धूप के बावजूद ठंड का एहसास

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी बर्फीली हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 7.5 और कानपुर में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।लखनऊ में शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिन की शुरुआत हल्के कोहरे के साथ होगी। मगर, दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप मौसम को खुशगवार बनाएगी। लोगों को दिन में धूप के बावजूद ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, शाम होने के साथ पारा और गिरेगा।

वेस्ट यूपी-NCR में बर्फीली हवा का कहर

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, ठंड बढ़ने की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) है। शुक्रवार को यह विक्षोभ उत्तर प्रदेश के ऊपर से गुजर जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ गुजरने के बाद पछुआ हवाएं फिर सक्रिय होंगी और तापमान में रिकॉर्ड गिरावट का दौर शुरू होगा। नोएडा और गाजियाबाद में भी शुक्रवार को ठंडी हवाओं का असर रहेगा। धूप निकलने पर लोगों को कंपकंपाती ठंड से कुछ राहत जरूर मिलेगी।सुबह से हवा का प्रभाव थमने और दिन में धूप निकलने के कारण मौसम में कुछ गर्माहट का एहसास जरूर होगा। शाम होते ही ये पूरा इलाका सर्दी की चादर में लिपट जाएगा।


वाराणसी में भी हाड़ कंपाने वाली सर्दी

शिव नगरी वाराणसी में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह के समय धूप खिली रहेगी। मगर, ठिठुरन बरकरार रहेगी। वाराणसी में कड़ाके की सर्दी का ये आलम अभी आने वाले दिनों में भी देखने को मिलेगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story