×

Lucknow Weather Today: लखनऊ में 'Red Alert', दिन में भी बढ़ी रहेगी गलन..ठंड से अभी राहत के आसार नहीं

Lucknow Ka Mausam 05 January 2023: मौसम विभाग ने बताया है कि लखनऊ में ठंड अभी ऐसे ही रहेगा। सर्दी को देखते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। अभी राहत के आसार नहीं हैं।

aman
Written By aman
Published on: 5 Jan 2023 1:42 AM GMT
Lucknow Ka Mausam 16 January 2023
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 05 January 2023: उत्तर प्रदेश इन दिनों कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। अधिकतर इलाकों में धुंध, कोहरा और शीतलहर का प्रकोप देखा जा रहा है। आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी इस प्रचंड ठंड से राहत की कोई गुंजाईश नहीं है। राजधानी लखनऊ (Cold Wave in Lucknow) और कानपुर में ठंड ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए। लखनऊ मौसम विभाग के निदेशक मोहम्मद दानिश ने बताया, कि हवा की ऊपरी सतह में घने कोहरे के कारण सूर्य की गर्मी तक नहीं पहुंच पा रही। इसी कारण दिन का तापमान भी नीचे जा रहा है।

लखनऊ में दिन के समय भी धुंध के साथ गलन ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी है। कड़ाके की सर्दी ने राजधानी में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हाड़ कंपाने वाली ठंड ने बुधवार को लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। वहीं, सूबे के अधिकतर जिलों में भी कमोबेश यही हालात रहे। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन-चार दिन अभी यही स्थिति बरकरार रहेगी।

लखनऊ में अभी गलन से नहीं मिलेगी राहत

लखनऊ में चुभती बर्फीली हवाओं के बीच दिनभर कोहरे ने सूरज को ढंके रखा। जबरदस्त ठंड के चलते दिन का तापमान 6 डिग्री गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 6 डिग्री के आसपास रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के मुताबिक, राजधानी लखनऊ के लिए रेड अलर्ट (Red Alert in Lucknow) है। लखनऊ में कोल्ड डे (Cold Day) और शीतलहर से इनकार नहीं किया जा सकता। गुरुवार (5 जनवरी) को राजधानी का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राजधानी में गुरुवार सुबह की शुरुआत भी घने कोहरे से हुई। तड़के दृश्यता महज 50 मीटर तक थी। लेकिन दिन चढ़ने के साथ दृश्यता में सुधार हुआ। पूर्वानुमान में बताया गया है कि, आज भी लोग दिनभर गलन से प्रभावित रहेंगे।


वेस्ट यूपी और पूर्वांचल में भी शीतलहर जारी

लखनऊ मौसम विभाग के निदेशक मोहम्मद दानिश (Mohd Danish) ने बताया कि, उत्तराखंड के पहाड़ों पर अच्छी बर्फ़बारी हुई है। जहां से चलने वाली सर्द हवाओं ने यूपी के जिलों में ठिठुरन बढ़ा दी है। आज से ठण्ड के मिजाज में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। मोहम्मद दानिश ने कहा, आने वाले चार दिन अभी राजधानी में ऐसे हालात ही रहेंगे। मौसम विभाग का कहना है कि, अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में कई जिलों में घने कोहरे का कहर रहेगा। वेस्ट यूपी और पूर्वांचल में भी शीतलहर का प्रकोप जारी है।

राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को भी घना कोहरा देखने को मिलेगा। दिन में भी शीतलहर जारी रहने का पूर्वानुमान है। घने कोहरे और शीतलहर के कारण जनजीवन पर खासा असर पड़ेगा। यूपी के सभी जिलों में रैन बसेरे का प्रबंध जिला प्रशासन की तरफ से किया गया है। कहीं-कहीं लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिशें करते देखे जा रहे हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story