Lucknow Weather Today: होली से पहले लखनऊ में मौसम का बदला मिजाज, हवाओं ने दी राहत...जानें आज कैसा रहेगा वेदर

Lucknow Ka Mausam 07 March 2023: होली से पहले लखनऊ का मौसम बदला नजर आ रहा है। धूप की तपिश के बीच हल्की ठंडी हवाएं लोगों को राहत दे रही है।

aman
Written By aman
Published on: 7 March 2023 1:50 AM GMT
Lucknow Ka Mausam
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 07 March 2023: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम का मिजाज बदला-बदला सा है। ठंडी हवाओं ने मंगलवार (07 मार्च) सुबह एक बार फिर गुनगुनी सर्दी का एहसास करवाया। दिन की शुरुआत हल्की ठंड के साथ हुई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की मानें तो आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 डिग्री के आसपास रहेगा। इसके अलावा दिन में खिली धूप निकलेगी। धूप की तपिश लोगों को परेशान करेगी। मगर, हवाओं का असर लोगों को गर्मी से राहत दिलाएगा।

लखनऊ में 12-14 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से हवा चल रही है। प्रदेश में इस बार मार्च महीने में ही अप्रैल-मई जैसी गर्मी पड़ने लगी है। दरअसल, लगातार बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग (Global warming) की वजह से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। हालांकि, IMD ने पूर्वानुमान में बताया है कि, होली (Holi 2023) से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।

वेस्ट यूपी में फीकी हो सकती है होली, ओलावृष्टि का अनुमान

इस बार फरवरी में ही अप्रैल-मई जैसी गर्मी पड़ने लगी है। तापमान ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। फ़रवरी में ही अधिक तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। सूरज की तपिश का आलम ये है कि गर्मी लगातार बढ़ती ही जा रही है। मार्च के अंत तक पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने का अनुमान है। प्रदेश के कई जिलों में जल्द ही लू चल सकती है। मौसम विभाग इस संबंध में पहले से ही आगाह कर रहा है। इसके लिए लोगों को अभी से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, दूसरी ओर IMD ने उष्णकटिबंधीय मौसम प्रणालियों की वजह से वेस्ट यूपी में बुधवार तक गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि का भी पूर्वानुमान है।

अन्य जिलों में भी बढ़ा तापमान

न्यूनतम तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। लखनऊ सहित अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के करीब जा पहुंचा है। दिन में तेज धूप निकल रही है। नोएडा और वेस्ट यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। जबकि, यूपी के अधिकतर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। आंचलिक मौसम विभाग के अनुसार, वाराणसी (Varanasi Weather) में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री जबकि अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। आसमान साफ रहेगा। लखनऊ के पड़ोसी जिले कानपुर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस के करीब रह रहा है। यहां भी दिन के समय तेज हवाएं चलेंगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story