×

Lucknow Weather Today: खिली धूप से लखनऊ का मौसम तेजी से बदला, कम हुई ठंड..मार्च से पड़ेगी भीषण गर्मी

Lucknow Ka Mausam 08 February 2023: लखनऊ में तापमान में वृद्धि से शहरवासियों को ठंड से राहत मिली है। IMD की मानें तो इस साल मार्च महीने से ही तेज गर्मी पड़ने की संभावना है।

aman
Written By aman
Published on: 8 Feb 2023 1:21 AM GMT
Weather Today Update 20 February 2023
X

 प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 08 February 2023: लखनऊ के लोगों को सर्दी से अब निजात मिल चुकी है। गर्म मोटे कपड़ों के साथ अलाव और रूम व हीटर अब कल की बात हो चुके हैं। यह स्थित सिर्फ लखनऊ ही नहीं कमोबेश पूरे उत्तर प्रदेश की है। रात में भले ही स्वेटर और कंबल की जरूरत पड़ रही है। सुबह के समय भी ठंड के एहसास होता है। मगर, दिन भर लखनऊ का मौसम सुहावना हो चला है। खिली धूप लोगों को गर्मी का एहसास करवा रही है। प्रदेश की राजधानी के पिछले तीन-चार दिनों का न्यूनतम तापमान देखें तो उसमें भी इजाफा हुआ है।

आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग का कहना है कि, 20 फरवरी तक आहिस्ता-आहिस्ता तापमान ऊपर चढ़ेगा। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। दिन में कुछ देर धूप में बैठने के बाद लोग छांव की तलाश करते नजर आए।

20 फ़रवरी से लखनऊ में रात की सर्दी होगी कम

लखनऊ स्थित मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह और रात के समय लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है। दोपहर के समय तीखी धूप लोगों को परेशान कर रही है। दिन के समय राजधानी की सड़कों पर लोग बिना स्वेटर के नजर आने लगे हैं। मौसम विभाग के वैज्ञानिक मो. दानिश के अनुसार, लखनऊ में बुधवार (08 फरवरी) को अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। उन्होंने बताया कि, 20 से 25 फरवरी के आसपास रात की सर्दी भी कम हो जाएगी। फ़िलहाल राजधानी में बसंती हवाओं का दौर जारी है।

तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा

मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। IMD के अनुसार, फरवरी के दूसरे हफ्ते में उत्तर भारत (North India) के राज्यों में हवाएं एक बार फिर ठंड की वापसी करेगी। जिस वजह से तापमान में एक बार फिर कमी आएगी। कुछ राज्यों में 8 फरवरी को फिर हवाओं की रफ्तार तेज होगी। हालांकि, इस दौरान न्यूनतम तापमान में वृद्धि भी दर्ज की जाएगी। कमोबेश इसका असर उत्तर प्रदेश की राजधानी सहित अन्य जिलों पर देखने को मिल सकता है।

मार्च में तापमान जाएगा 40 डिग्री तक

प्रदेश के मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। इस बीच IMD ने अनुमान जताया है कि इस बार मार्च महीने में ही तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। अधिक तपिश का असर फसलों पर भी दिखने लगेगा। अधिक तापमान के कारण फसलें समय से पहले ही पक सकती हैं। पिछले साल जो मौसमी बदलाव मार्च में नजर आया था, इस बार अभी से जोर पकड़ने लगा है। ऐसे में इस सीजन की फसल गेहूं 'फोर्स मैच्योरिटी' का शिकार हो सकती हैं। इससे फसलों का उत्पादन बुरी तरह प्रभावित होगा। IMD ने ये बातें पिछले पांच दशकों के डेटा अध्ययन के बाद कही है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story