×

Lucknow Weather Today: यूपी में आज से शीतलहर का 'कहर', लखनऊ में पारा लुढ़कते ही गलन वाली ठंड बढ़ी..ऑरेंज अलर्ट जारी

Lucknow Weather Today 21 December 2022: राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम ने तेजी से करवट ली है। सर्द हवाओं और कोहरे ने शहर की रफ्तार धीमी कर दी है। ये सितम आगे भी जारी रहेगा।

aman
Written By aman
Published on: 21 Dec 2022 2:20 AM GMT
Lucknow Weather Today:
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Weather Today 21 December 2022: मौसम ने करवट ली। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। पहाड़ों पर हुई अच्छी बर्फबारी की वजह से मैदानी राज्यों में गलन वाली ठंड बढ़ी है। यूपी के जिलों में भी सर्दी का सितम देखने को मिल रहा है। आंचलिक मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में तेज गिरावट दर्ज हुई है। प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फीली सर्द हवाओं ने न्यूनतम तापमान को और कम किया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की मानें तो आने वाले दिनों में पारा और नीचे जाएगा। IMD ने अनुमान जताया है कि, बुधवार (21 दिसंबर) से उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर का असर रहेगा।

यूपी में ठंड के साथ कोहरे ने भी दस्तक दी है। जिससे आमजन के साथ पशुओं की भी परेशानी बढ़ गई है। मंगलवार को राजधानी लखनऊ, कानपुर, मेरठ, गोरखपुर और पश्चिमी यूपी के जिलों में ठंड के साथ घने कोहरे ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी। कई जगहों पर तो लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। इस बीच मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य में घना कोहरा छाया रहेगा।

लखनऊ के कई इलाकों में घना कोहरा, उड़ानों पर असर

राजधानी लखनऊ में ठंड और घना कोहरा देखा जा रहा है। बुधवार सुबह घने कोहरे की वजह से एक बार फिर लोगों की दिक्कतें बढ़ गई। लखनऊ के कैंट एरिया (Cantt Area of Lucknow Weather), पीजीआई इलाके एरिया (PGI Area Weather Forecast), एलडीए कॉलोनी और कुकरैल के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों को कोहरे के कारण कुछ नजर न आने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लखनऊ के मौसम विभाग की मानें तो आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। सुबह 11 बजे के बाद हल्की धूप खिलेगी। जिससे तापमान थोड़ा चढ़ेगा। ठंड से राहत मिलेगी। घने कोहरे की वजह से मंगलवार को लखनऊ और कानपुर हवाई अड्डे से कई उड़ानें 3 से 6 घंटे की देरी से उड़न भरी।


प्रदेश में दो दिनों तक घना कोहरा

इस बीच, आंचलिक मौसम केन्द्र के प्रभारी मोहम्मद दानिश ने बताया कि राज्य के उत्तर-पूर्वी इलाकों तथा दक्षिणी हिस्से में सुबह और शाम के वक्त घना कोहरा पड़ रहा है। नमी बढ़ने की वजह से सूबे के अधिकतर हिस्सों में सर्दी का असर बढ़ गया है। उन्होंने ये भी बताया कि, राज्य में ऐसे हालात अगले दो दिन तक रहेंगे। उसके बाद नमी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। उसके बाद सर्दी फिर बढ़ेगी। प्रदेश में अगले दो दिन बहुत मुश्किल भरे रहने वाले हैं।

मेरठ में पारा लुढ़का, 7 डिग्री पहुंचा

वेस्ट यूपी (West UP Weather 21 December 2022) में शुरुआत से ही ठंड का कहर देखा जा रहा है। एनसीआर क्षेत्र नोएडा, गाज़ियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर और मुज़फ्फरनगर में ठंड लगातार बढ़ रही है। बुधवार को भी कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। धुंध और कुहासे से मानो जिंदगी ठिठक गई है। मेरठ में रविवार की रात इस सीजन की सबसे ज्यादा सर्दी पड़ी थी। पारा गिरकर 7 डिग्री तक पहुंच गया। मेरठ मौसम कार्यालय पर मंगलवार को दिन का तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी में आगे भी कोहरे का असर बना रहेगा। रात के समय तापमान और गिरेगा। ठंड में इजाफा होगा।


वाराणसी में Cold Wave

पूर्वांचल के सभी जिलों में भी तापमान तेजी से नीचे गया है। पंजाब, हरियाणा के रास्ते आने वाली ठंडी हवाओं का असर बुधवार को वाराणसी में भी देखा गया। वाराणसी में 'कोल्ड वेब' ने लोगों को घर में दुबकने पर मजबूर कर दिया। धर्मनगरी वाराणसी में 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। मंगलवार की तरह बुधवार को भी गलन महसूस की जा रही है। IMD के अनुसार, आगामी दो-तीन दिनों तक ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना जताई जा रही है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story