×

Lucknow Weather Update 20 Oct 2023: मैदान में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी से लखनऊ में गुलाबी ठंड, जानिए कैसा रहेगा आज का हाल

Lucknow Ka Mausam 20 October 2023: मौसम विभाग ने कहा, यूपी में वीकेंड तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है। आने वाले हफ्ते में एक बार फिर मौसमी बदलाव के आसार हैं। धूप हल्की रहने के साथ दिन भी ठंडा रह सकता है।

aman
Report aman
Published on: 20 Oct 2023 12:00 AM GMT (Updated on: 20 Oct 2023 12:00 AM GMT)
Lucknow Weather Update 20 Oct 2023
X

Lucknow Weather Update 20 Oct 2023 (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 20 October 2023: उत्तर प्रदेश में बीते दिनों बरसात, आंधी और ओले गिरने के बाद से अधिकांश जिलों का मौसम बदला-बदला सा है। दरअसल, बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ी है। रात के साथ अब दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, यूपी से सटे उत्तराखंड में पहाड़ों पर बर्फ़बारी शुरू हो गई है। इस वजह से भी तराई सहित अन्य जिलों में पारा नीचे गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मो. दानिश ने उत्तर प्रदेश के मौसम को लेकर बताया कि, 'प्रदेश में शुक्रवार (20 अक्टूबर) सुबह भी मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। लेकिन, शाम होने के साथ प्रदेश के कई इलाकों में ठंड बढ़ने लगेगी। देर रात तक इसका प्रभाव बना रहेगा। राजधानी लखनऊ में भी न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

लखनऊ का मौसम खुशगवार

उत्तर प्रदेश की राजधानी में शुक्रवार की सुबह गुलाबी ठंड का एहसास होगा। दिन चढ़ने के साथ खिली धूप निकलेगी। अलसुबह धुंध की एक परत नजर आएगी। दोपहर आते-आते अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, न्यूनतम पूर्व की भांति 20 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है। दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी। देर शाम हवाओं की रफ़्तार भले ही कम हो जाएगी लेकिन ठंड को बढ़ाने में मददगार साबित होगी। मिलाजुलकर कहें तो 20 अक्टूबर को लखनऊ का मौसम खुशगवार रहने वाला है।

वीकेंड तक ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने आने वाले दिनों के पूर्वानुमान में बताया कि, 'मौसम रविवार तक ऐसा ही रहने वाला है। सोमवार से एक बार फिर से मौसमी बदलाव देखने को मिलेगा। हल्की धूप निकलेगी। दिन के समय में भी हल्की ठंड लगेगी।' पूरे प्रदेश में इस बार कैसी ठंड पड़ेगी मौसम विभाग ने इस बारे में फिलहाल कुछ नहीं कहा है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अभी से कोहरा नजर आने लगा है।

पहाड़ों पर बर्फबारी से बदला मौसम

यूपी से सटे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी शुरू हो गई है। इस कारण मौसम में बदलाव नजर आने लगा है। वेस्ट यूपी में रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी बदलाव दिखने लगा है। शुक्रवार सुबह भी मौसम में नमी और ठंडक का एहसास रहा। आने वाले दिनों में भी लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास होता रहेगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story