×

Lucknow Weather 08 October 2023: लखनऊ से बादलों की विदाई, अब रोज निकलेगी खिली धूप, जानें वीकेंड का हाल

Lucknow Weather Today 08 October 2023: लखनऊ के आसमान में आज बादल नजर नहीं आएंगे। सुबह से ही खिली धूप निकलेगी, जिससे तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। इस बीच 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से चलने वाली पछुआ हवाएं राहत देंगी।

aman
Report aman
Published on: 7 Oct 2023 11:30 PM GMT (Updated on: 7 Oct 2023 11:30 PM GMT)
Lucknow Weather Today 08 October 2023
X

Lucknow Weather Today 08 October 2023 (Social media)

Lucknow Weather Today 08 October 2023: यूपी में सितंबर महीने के ख़त्म होते ही बारिश पर भी विराम लग गया। मौसमी बदलाव का असर अक्टूबर के पहले हफ्ते से दिखने लगा है। पूरे प्रदेश में गुलाबी ठंड दस्तक दे चुकी है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों का न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे गया है। मौसम विभाग ने भी बताया है कि, अक्टूबर में गुलाबी सर्दी के साथ ही कुछ जिलों में हल्की बारिश मौसम के मिजाज में परिवर्तन करेगी। शनिवार (08 अक्टूबर) को वेस्ट और ईस्ट यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि, 'फ़िलहाल एक से दो दिन तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। अधिकतम तापमान में कोई बदलाव होता नजर नहीं आ रहा। मगर, न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया, आगामी मंगलवार के बाद मौसम बदलने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की मानें तो पूर्वांचल कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा।

लखनऊ में आज कैसा रहेगा तापमान?

लखनऊ का आसमान सप्ताहांत में साफ रहेगा। रविवार को राजधानी के आसमान में बादल नजर नहीं आएंगे। सुबह से ही खिली धूप निकलेगी, जिससे तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। इस बीच 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से पछुआ हवाएं चलेंगी। इसलिए तापमान वृद्धि के बावजूद गर्मी परेशान नहीं करेगी। ठंडी हवाओं ने उमस को लगभग बेअसर कर दिया है। शाम और रात में भी आकाश साफ रहेगा। 08 अक्टूबर को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री के करीब रहने का अनुमान है। रात जैसे-जैसे गहरी होगी, हल्की ठंड का एहसास होगा।

9 से 11 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 9 अक्टूबर को वेस्ट यूपी में एक-दो जगहों पर बादलों की गर्जना और बिजली की चमक के साथ बरसात की संभावना है। वहीं, इस दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इस वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश के कोई आसार नहीं हैं। 10 अक्टूबर को पश्चिमी भाग के साथ-साथ पूर्वी हिस्से में भी एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही, 10 और 11 अक्टूबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने वाला है। अगले हफ्ते से न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जाएगी।

दक्षिण-पश्चिम मानसून हो चुका है विदा

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि, 'राजस्थान (Rajasthan) के ऊपर निचले क्षोभ मंडल (Troposphere) में बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से बारिश बंद होने तथा वायुमंडलीय नमी में प्रभावी कमी आने के फलस्वरूप दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-West Monsoon) विदा हो चुका है। इसने 29 सितंबर से प्रदेश के पश्चिमी हिस्से से वापस लौटना आरंभ किया था। जिसकी वजह से मौसमी बदलाव देखने को मिल रहा है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story