×

UPSRTC: लखनऊ के बेड़े में शामिल होंगी 220 बसें, यात्रियों का और आसान होगा सफर

UPSRTC: बसों में यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। सभी में पैनिक बटन लगाए जाएंगे, जिन्हें डायल 112 से जोड़ा जाएगा। इससे बस में कोई असुविधा या दुर्घटना होने पर यात्री तत्काल पैनिक बटन दबाकर मदद ले सकेंगे।

Jugul Kishor
Published on: 6 Feb 2024 4:07 AM GMT
UPSRTC
X
यूपी रोडवेज बस (फोटो : सोशल मीडिया)

UPSRTC: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ परिक्षेत्र के बेड़े में साधारण श्रेणी की करीब 220 रोडवेज बसों को जोड़ा जाएगा। प्रदेश भर में करीब डेढ़ हजार नई बसों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए बजट में रोडवेज को 500 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसके साथ ही रोडवेज बसों का बेड़ा 13 हजार पार हो जाएगा। बजट में मिलने वाली रकम से परिवहन निगम वित्तीय वर्ष 2024-25 में 1500 नई बसें खरीदेगा। लखनऊ परिक्षेत्र के बेड़े में एक हजार बसें हैं, जो अयोध्या, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सीतापुर, लखीमपुर, गोंडा, बहराइच सहित तमाम रूटों पर चलती हैं।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक प्राविधिक व जनसंपर्क अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि बजट से साधारण बसों की चेसिस खरीदी जाएगी। औसतन एक चेसिस पर करीब 32 लाख रुपये खर्च होंगे। बस की बॉडी बनवाने का खर्च अलग से देना होगा। इन बसों में यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। सभी में पैनिक बटन लगाए जाएंगे, जिन्हें डायल 112 से जोड़ा जाएगा। इससे बस में कोई असुविधा या दुर्घटना होने पर यात्री तत्काल पैनिक बटन दबाकर मदद ले सकेंगे।

अयोध्या रूट पर बढेगा बसों का दायरा

अयोध्या रूट पर भी और कई नई बसें चलाने की तैयारी की जा रही है। सूत्र के मुताबिक लखनऊ के रास्ते अयोध्या रूट पर करीब 55 नई बसें चलाई जा सकती हैं। हालांकि, अभी यूपी परिवहन निगम की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।

1.03 करोड़ से अधिक महिला यात्रियों को नि:शुल्क यात्रा सुविधा दी गई

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सोमवार को विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेश की महिला यात्रियों को निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा प्रदान की जा रही है। वर्ष 2017 से वर्ष 2023 तक 1.03 करोड़ से अधिक महिला यात्रियों को नि:शुल्क यात्रा सुविधा दो गई है। निर्भया योजना के तहत महिलाओं के लिए 50 वातानुकूलित पिंक बस सेवाएं संचालित हैं।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story