×

Arvind Kejriwal की गिरफ्तारी पर भड़के AAP नेता-कार्यकर्ता, लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन...पुलिस से भिड़ंत

AAP Protest In Lucknow: लखनऊ के परिवर्तन चौक पर दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

aman
Written By amanReport Ashutosh Tripathi
Published on: 22 March 2024 11:08 AM GMT (Updated on: 22 March 2024 11:18 AM GMT)
aap protest, cm arvind kejriwal arrest, lucknow news, aap leaders protest in lucknow
X

लखनऊ में AAP नेता-कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन (Social Media)

AAP Protest In Lucknow: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार (Arvind Kejriwal ED Arrest) कर लिया है। अपनी पार्टी के संयोजक की गिरफ़्तारी से आम आदमी पार्टी (AAP) नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार (22 मार्च) को यूपी की राजधानी लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया।

लखनऊ के परिवर्तन चौक चौराहे पर AAP नेता-कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। पुलिस के सामने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बीजेपी और ED के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बीजेपी कार्यालय घेरने निकल पड़े। हालांकि, मौके पर मौजूद भारी संख्या में पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित किया। बाबू केडी सिंह स्टेडियम (Babu KD Singh Stadium) से पहले बैरिकेडिंग कर रोक लिया। प्रदर्शनकारी AAP नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।


परिवर्तन चौराहे पर बीजेपी-ईडी के खिलाफ नारेबाजी

गौरतलब है कि, दिल्ली शराब घोटाला मामले में गुरुवार देर शाम प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनके आवास से गिरफ्तार किया। जिसके बाद देश भर में आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। इसी कड़ी में आज यूपी की राजधानी लखनऊ में AAP कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। राजधानी लखनऊ में आप नेताओं ने परिवर्तन चौराहे (Parivartan Chowk, Lucknow) पर बीजेपी और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


कार्यकर्ताओं को वैन में भरकर इको गार्डन भेजा

जिसके बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बीजेपी कार्यालय घेरने हजरतगंज की ओर कूच किए। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस बल ने सभी AAP कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग कर आगे जाने से रोक दिया। पुलिस ने आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) का उल्लंघन करने को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इस दौरान पुलिस और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। वहीं, कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने घसीटते हुए पुलिस वैन में भरकर इको गार्डन भेज दिया।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story