Lucknow News: बंगाल सरकार के खिलाफ ABVP का प्रदर्शन, ममता बनर्जी का फूंका पुतला

Lucknow News: अभाविप प्रान्त सह मंत्री राजाराम कुशवाहा ने कहा कि जिस प्रदेश की मुखिया ही महिला हो फिर भी वहां की महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा के की जिम्मेदारी से सरकार पीछे हट रही हो यह बेहद ही चिंता का विषय है।

Abhishek Mishra
Published on: 17 Aug 2024 5:30 PM GMT
Lucknow News: बंगाल सरकार के खिलाफ ABVP का प्रदर्शन, ममता बनर्जी का फूंका पुतला
X

Lucknow News: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लखनऊ विश्वविद्यालय व महानगर इकाई ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में लगातार बढ़ रही हिंसा, महिला असुरक्षा व अराजकता के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विभिन्न स्थानों पर ममता बनर्जी की सरकार का पुतला दहन किया।

एबीवीपी ने फूंका ममता बनर्जी का पुतला

लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट संख्या एक पर विश्वविद्यालय इकाई के कार्यकर्ताओं ने ममता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।प्रदर्शनकारियों ने कहा की आए दिन पश्चिम बंगाल में महिलाओं पर हो रहा अत्याचार बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।जिस राज्य में महिला मुख्यमंत्री के रूप में मुखिया होने बावजूद भी वहां की महिलाएं अपनी जिंदगी और मौत से जूझ रही हो, वहां पर ममता बनर्जी को शर्म के मारे डूब मरना चाहिए। अभाविप की छात्रा साक्षी सिंह ने कहा कि एक तरफ जहां केन्द्र सरकार अपना पूरा फोकस बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान पर लगा रही है। वहीं दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल सरकार इसके बिल्कुल विपरीत बेटियों की जिंदजी को दांव पर लगाये बैठी है। सरकार को हमेशा अपनी कुर्सी की चिंता सताए रहती है। उन्होने कहा कि कालेज और कैम्पस में पढ़ने वाली छटाओं को घर से परिसर तक ममता सरकार सुरक्षा देने में असमर्थ हैं ,तो केंद्र सरकार को ममता से इस्तीफा लेकर वहां तुरंत राष्ट्रपति शासन लागू कर देना चाहिए।

दोषियों को फांसी की सजा मिले

अभाविप प्रान्त सह मंत्री राजाराम कुशवाहा ने कहा कि जिस प्रदेश की मुखिया ही महिला हो फिर भी वहां की महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा के की जिम्मेदारी से सरकार पीछे हट रही हो यह बेहद ही चिंता का विषय है। बंगाल में लगातार बढ़ रही बलात्कार,मर्डर व अराजकता से यह प्रतीत होता है कि ममता बनर्जी प्रदेश चलाने में अक्षम है। श्वेता शर्मा ने कहा कि डॉक्टर भगवान का दूसरा रूप होते हैं, बंगाल में प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ घटित घटना में सम्मिलित सभी दोषियों को फांसी की सजा हो व इस तरह की घटना भविष्य में ना हो इसके लिए कठोर कानून बनाना चाहिए। इस अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष जयव्रत राय, अनुराग काकरण, प्रखर दुबे,इकाई मन्त्री जतिन शुक्ला, विवेक, पलास,अभिषेक, विकास, देवेन्द्र, आदेश,नेहा यादव,निशा पटेल सहित दर्जनों छात्र उपस्थित रहे।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story