×

Lucknow University: छात्रवृति समस्याओं को लेकर ABVP का धरना जारी, LU प्रशासन पर लगाए लापरवाही के आरोप

Lucknow University: एलयू के गेट पर शुक्रवार दस बजे से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद धरना प्रदर्शन कर रही है। विद्यार्थी परिषद की लखनऊ महानगर इकाई की अगुवाई में किया जा रहा है।

Abhishek Mishra
Published on: 1 March 2024 8:09 AM GMT
X

Lucknow University  (photo: social media )

Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया है। एलयू के छात्रों की छात्रवृत्ति समस्याओं को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने यह प्रदर्शन शुरु किया है। एबीवीपी का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने समय रहते समाज कल्याण विभाग को छात्रवृति फॉर्म प्रेषित नहीं किए। फॉर्म आगे प्रेषित करने की अंतिम तिथि 23 जनवरी तय थी।

3000 छात्रों को नहीं मिली छात्रवृति

एलयू के गेट नंबर एक पर शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद धरना प्रदर्शन कर रही है। यह प्रदर्शन विद्यार्थी परिषद की लखनऊ महानगर इकाई की अगुवाई में किया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने एलयू प्रशासन मुदाबाद, एलयू प्रशासन होश में आओ, होश में आओ जैसे नारे लगाए। धरना दे रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है की लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के चलते करीब तीन हजार विद्यार्थियों को छात्रवृति नहीं मिल सकी है। जिसके कारण छात्रवृति के लाभार्थियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि एलयू की ओर से तय समय में विद्यार्थियों के छात्रवृति डाटा को आगे नहीं बढ़ाया गया। अब प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है।

लोकतांत्रिक ढंग से छात्रों के लिए लड़ेंगे

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इकाई मंत्री जतिन शुक्ला ने बताया कि हम सब कई दिनों से विद्यार्थियों की छात्रवृति की समस्याओं को लेकर लड़ रहे हैं। हमने छात्रवृति से संबंधित सभी अधिकारियों से बातचीत की लेकिन उसका कोई नेतीजा नहीं निकला। हमने एक्स के जरिए भी अपनी समस्या को उठाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इन सबके बावजूद भी जब प्रशासन नही जागा तब हमने यह धरना देने का फैसला लिया। जब तक विद्यार्थियों के छात्रवृति के फॉर्म आगे प्रेषित नहीं किए जाएंगे तब तक हम हर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगो के लिए लड़ेंगे। एबीवीपी इकाई उपाध्यक्ष रिशेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हम पिछले कई दिनों से छात्रवृति की समस्या को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन उसके बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन पर कोई फर्क नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि अगर अब भी प्रशासन नहीं जागा तो हम पुतला फूंकने पर मजबूर होंगे। हर लोकतांत्रिक ढंग से हम अपनी मांगो को उठाएंगे। शुक्रवार को चल रहे धरने में मुख्य रूप से शक्ति दुबे, हिमांशु सिंह, लक्ष्य दुबे, विकास मिश्रा, उत्कर्ष सिंह चौहान, उद्देश्य सिंह सम्राट, आदेश सिंह, अमन सिंह चौहान समेत कई अन्य छात्र मौजूद रहे।

बीते दिनों भी दिया था धरना

एलयू के भाऊराव देवरस द्वार स्थित सरस्वती प्रतिमा के निकट अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कुछ दिनों पहले धरना दिया था। 19 फरवरी को आठ घंटे धरना देने के बाद एबीवीपी ने एलयू के कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा था। 23 फरवरी को विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story