TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

Agniveer Bharti: भर्ती रैली में अग्निवीर अभ्यर्थी जमकर बहा रहे पसीना, जानें कब तक होगा फिजिकल टेस्ट

Agniveer Bharti: राजधानी के कैंट स्थित एएमसी स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली के लिए अभ्यर्थियों ने जमकर पसीना बहाया। यूपी में 16 नवंबर से अग्निवीर भर्ती रैली चल रही है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 22 Nov 2023 7:47 AM GMT (Updated on: 22 Nov 2023 8:05 AM GMT)
lucknow news
X

लखनऊ में भर्ती रैली में अग्निवीर अभ्यर्थी जमकर बहा रहे पसीना (आशुतोष त्रिपाठी)

Lucknow News: राजधानी के कैंट स्थित एएमसी स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली के लिए अभ्यर्थियों ने जमकर पसीना बहाया। यूपी में 16 नवंबर से अग्निवीर भर्ती रैली चल रही है। बुधवार को रैली में शामिल होने के लिए एएमसी स्टेडियम में बड़ी संख्या में युवाओं ने एक साथ दौड़ लगाई। एएमसी स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली में अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा दे रहे हैं। यह भर्ती प्रक्रिया 22 नवंबर 2023 तक चलेगी। भर्ती प्रक्रिया के दौरान जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क स्टोर कीपर टेक्निकल और ट्रेड्समैन कैटेगरी के पदों पर भर्ती की जाएगी। लखनऊ में आयोजित पुरुषों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का बुधवार को आखिरी दिन था। भर्ती कार्यालय (मुख्यालय), लखनऊ के एओआर के तहत यूपी के 13 जिलों से अप्रैल में ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा में उपस्थित होने वाले शॉर्टलिस्टेड उम्मीदवारों ने 16 नवंबर को शुरू हुई इस रैली में भाग लिया। 1300 अभ्यर्थियों में से लगभग 940 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

मेजर जनरल मनोज तिवारी, जोनल भर्ती अधिकारी, मुख्यालय भर्ती जोन, उत्तर प्रदेश के मुताबिक इस योजना पर प्रारंभिक आशंकाओं को व्यापक आउटरीच कार्यक्रमों के साथ कम कर दिया गया है। उन्होंने गतिशील अग्निपथ योजना के बारे में जानकारी दी, जहां एक व्यक्ति नामांकित होने के बाद, राष्ट्र की सेवा करता है, अपने शिक्षा मानकों को बढ़ाता है और यदि बरकरार नहीं रहता है, तो बाहर करियर के लिए तैयार रहता है।

मेजर जनरल ऑफिसर ने बताया कि रैलियों का संचालन बिना किसी पक्षपात के बिल्कुल पारदर्शी और निष्पक्ष है, इसलिए उम्मीदवारों को दलालों-एजेंटों का शिकार नहीं बनना चाहिए और प्रतिबंधित दवाओं या प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं के उपयोग से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के पास कोई एजेंट नहीं है और यदि कोई ऐसा व्यक्ति किसी से संपर्क करता है, तो मामले की सूचना निकटतम सेना भर्ती कार्यालय या नागरिक पुलिस को दी जानी चाहिए। मेजर जनरल मनोज तिवारी ने रैलियों के सफल और सुचारू संचालन के लिए भारतीय सेना, स्टेशन कमांडरों, स्थानीय नागरिक प्रशासन और पुलिस कर्मियों के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद 27 व 28 नवंबर 2023 को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लिए अग्निवीर महिला सैन्य पुलिस भर्ती रैली आयोजित की जाएगी ।


मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह के मुताबिक 11 हजार अभ्यर्थियों ने अखिल भारतीय सामान्य लिखित प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है। ये उम्मीदवार अब भर्ती के अगले चरण में भाग ले सकते हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड क्षेत्र की महिला सैन्य पुलिस के लिए भर्ती रैली 27 से 28 नवंबर 2023 तक राजधानी लखनऊ में होगी। महिला मिलिट्री पुलिस की परीक्षा में यूपी और उत्तराखंड से डेढ़ हजार से ज्यादा अभ्यर्थी सफल हुए हैं।

4 दिसंबर से आगरा में शुरू होगी भर्ती रैली

शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि भर्ती कार्यालय आगरा के अधीन जिलों से अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन (10वीं और 8वीं पास) पदों के लिए भर्ती रैली 4 दिसंबर से शुरू होगी और 13 दिसंबर तक चलेगी। लिखित प्रवेश परीक्षा में 12,600 से अधिक उम्मीदवार सफल हुए हैं, जो भर्ती रैली में भाग ले सकते हैं।

19 दिसंबर से शुरू होगी अमेठी में भर्ती

पीआरओ ने बताया कि भर्ती कार्यालय अमेठी के अंतर्गत आने वाले जिलों से अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन के लिए भर्ती 19 दिसंबर से शुरू होगी और 27 दिसंबर तक चलेगी। इसकी लिखित परीक्षा में 9850 से अधिक अभ्यर्थी सफल हुए हैं।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story