×

UP Politics: अखिलेश यादव ने BJP को बताया ‘भ्रष्ट्राचारी पार्टी’, बोले-हर वर्ग को दिया धोखा

UP Politics: अखिलेश यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा देने में फेल रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं।

Shishumanjali kharwar
Published on: 4 April 2024 12:09 PM GMT
akhilesh yadav
X

अखिलेश यादव ने भाजपा को बताया ‘भ्रष्ट्राचारी पार्टी’ (न्यूजट्रैक)

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा को सबसे झूठी और भष्ट्राचारी पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठ और भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों सभी से झूठे वादे किए। दस साल की केन्द्र की भाजपा सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। न किसानों की आय दोगुनी हुई न युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरी मिली।

महिलाओं को सुरक्षा देने में फेल

श्री यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा देने में फेल रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं। जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहा हैं। भाजपा ने मंहगाई और बेरोजगारी के नाम पर भी जनता से झूठ बोला। महंगाई, बेरोजगारी कम होने के बजाय दोगुनी रफ्तार से बढ़ी। खाने-पीने की चीजें दाल, सब्जी, दूध से लेकर डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस सभी चीजों के दाम बढ़ाकर भाजपा सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग जनता की कमर तोड़ दी।

चुनावी चंदा के नाम पर भाजपा ने की जमकर वसूली

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। भाजपा ने चुनावी चंदा के नाम पर जमकर वसूली की। सरकारी एजेंसियों ईडी, सीबीआई और आईटी से छापे डलवाकर डराकर तमाम कम्पनियों से वसूली की गई। कोरोना रोधी वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी से भी वसूली कर ली। भाजपा सरकार में इलेक्टोरल बांड के नाम पर ऐसा भ्रष्टाचार हुआ है जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती है। सरकार दबाव डालकर पार्टी के लिए पैसा वसूलती हो ऐसा कभी नहीं हुआ। जब से भाजपा के भ्रष्टाचार का भांडा फूटा है तब से भाजपा में भारी घबराहट है।

श्री यादव ने कहा किजनता भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे को समझ गई है। भाजपा पूरे देश में बेनकाब हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में तो भाजपा ने पूरे बजट का बंदरबांट किया है। बजट की ऐसी लूट कभी नहीं हुई। यूपी में भाजपा सरकार सड़कों में गड्ढ़ामुक्त के नाम पर 40 हजार करोड़ रूपये का बजट डकार गई। उन्होंने कहा कि यूपी की सड़कों में तमाम गड्ढे़ हैं। बजट का पता ही नहीं चला कि कहां खर्च हो गया? प्रदेश का विकास रुक गया है और स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल है। इस बार लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सभी 80 लोकसभा सीटों पर हराकर सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए तत्पर है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story