×

UP: अखिलेश यादव बोले- जनता से किए वादों पर खरी नहीं उतरी डबल इंजन की सरकार

UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि विकास के मामलों में कोई ठोस उपलब्धि हासिल करने में पूर्णतया विफल रही भाजपा सरकार अब आतंक और गिरफ्तारियों के बल पर सत्ता में आने की साजिश में लग गई है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 27 March 2024 12:01 PM GMT
akhilesh yadav
X

अखिलेश यादव बोले- जनता से किए वादों पर खरी नहीं उतरी डबल इंजन की सरकार (न्यूजट्रैक)

UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि विकास के मामलों में कोई ठोस उपलब्धि हासिल करने में पूर्णतया विफल रही भाजपा सरकार अब आतंक और गिरफ्तारियों के बल पर सत्ता में आने की साजिश में लग गई है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में अराजकता है। भाजपा के भ्रष्टाचार की पोलें खुल रही है और जनता में असंतोष तथा आक्रोश की लहर है। पराजय की आशंका से हैरान-परेशान भाजपा अब विपक्ष को बदनाम करके अपनी नेकनामी का षडयंत्र रच रही है, जिसमें उसे कोई सफलता नहीं मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा जानती है कि अब उसके कुछ ही दिन बचे हैं। केंद्र की सत्ता में एनडीए नहीं पीडीए इंडिया गठबन्धन आने वाला है। भाजपा की तमाम साजिशों का भी अंत होने वाला है। जनता जब परिवर्तन का मन बना लेती है तो फिर कोई उसके आगे नहीं टिकता है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार केंद्र की हो या प्रदेश की, दोनों डबल इंजन जनता से किए गए वायदों में खरे नहीं उतरे हैं। किसानों से कर्जमाफी, उनकी आय दोगुनी करने की दिशा में कोई नीति नहीं बनी। कर्ज और मंहगाई की मार से परेशान एक लाख किसानो ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि नौजवानों को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए थे। केंद्र में सरकार बनते ही 2 करोड़ नौकरियां देने का वायदा था। उत्तर प्रदेश में पूंजी निवेश का हवा महल दिखाकर हजारों लाखों नौकरियां सृजित होने का दावा किया गया। एमओयू तो बहुत से हो गए लेकिन जमीन पर न तो एक उद्योग लगा और नहीं नौकरियां मिली। यूपी में लगने वाले उद्योग गुजरात चले गए।

शिक्षा के क्षेत्र पैदा हुई अव्यवस्था

श्री यादव ने हमला बोलते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भाजपा ने अव्यवस्था पैदा कर दी है। 69000 से ज्यादा सहायक शिक्षक नियुक्ति को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार उन्हें लाठियों से पीट रही है। भाजपा सरकार में परीक्षाएं होती हैं और पेपर लीक हो जाता है। एक दो नहीं 10-10 परीक्षाएं लीक हो गई। नौकरी देंगे तो आरक्षण भी देना होगा इसलिए जानबूझकर पेपर लीक की नौटंकी होती है।

आतंक फैलाने में लगी भाजपा सरकार

अखिलेश यादव ने कहा कि छापे डलवाकर धन वसूली का भंडाफोड़ होने से भाजपा की चारों ओर बदनामी हो रही है, इससे बौखलाकर भाजपा सरकार अपनी जांच एजेंसियों के मार्फत विपक्षी नेताओं को बदनाम करने और उनकी गिरफ्तारी से आतंक फैलाने में लगी हैं। भाजपा का सत्तामंडल पूंजीपतियों का समर्थक है और उनकी वसूली की आदत है। जनता अब भाजपा के भ्रष्टाचार से परिचित हो चुकी है। लोग जान गए हैं कि भाजपा मनीलांड्रिग के बहाने से पालिटिकल लान्ड्रिग का मनगढ़ंत केस बनाती है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story