TRENDING TAGS :
‘चार सौ बीसी’ नहीं चलेगी.., अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर साधा निशाना
Akhilesh Yadav on Milkipur By-Elecion: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हार स्वीकार कर ली है। मिल्कीपुर में भाजपा की जीत को उन्होंने झूठा करार दिया।
Akhilesh Yadav on Milkipur By-Elecion: मिल्कीपुर उपचुनाव के परिणाम जल्द ही घोषित हो जायेंगे। भाजपा प्रत्याषी चंद्रभानु पासवान जीत की तरफ बढ़ रहे हैं। वहीं सपा उम्मीदवार की करारी हार लगभग तय ही मानी जा रही है। चुनाव के परिणामों की आधिकारिक घोषणा से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेष यादव ने हार स्वीकार कर ली है। मिल्कीपुर में भाजपा की जीत को उन्होंने झूठा करार दिया। साथ ही उन्होंने एक बार फिर चुनाव में धांधली और अराजकता करने का आरोप लगाते हुए भाजपा पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि पीडीए की बढ़ती शक्ति का सामना भाजपा वोट के बल पर नहीं कर सकती है। इसीलिए वह चुनावी तंत्र का दुरुपयोग करके जीतने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि ऐसी चुनावी धांधली करने के लिए जिस स्तर पर अधिकारियों की हेराफेरी करनी होती है। वह एक विधानसभा में तो भले किसी तरह संभव है, लेकिन 403 विधानसभाओं में ये ‘चार सौ बीसी’ नहीं चलेगी। इस बात को भाजपा वाले भी जानते हैं। इसीलिए भाजपाइयों ने मिल्कीपुर का उपचुनाव टाला था। पीडीए मतलब 90फीसदी जनता ने ख़ुद अपनी आँखों से ये धांधली देखी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि ये झूठी जीत है। जिसका जश्न भाजपाई कभी भी आईने में अपनी आँखों-में-आँखें डालकर नहीं मना पाएंगे। उनका अपराधबोध और भविष्य में हार का डर उनकी नींद उड़ा देगा।
उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों ने चुनावी घपलेबाजी का अपराध किया है वो आज नहीं तो कल अपने लोकतांत्रिक-अपराध की सज़ा पाएंगे। एक-एक करके सबका सच सामने आएगा। न क़ुदरत उन्हें बख़्शेगी, न क़ानून। श्री यादव ने कहा कि भाजपाई उनका इस्तेमाल करके छोड़ देंगे, उनकी ढाल नहीं बनेंगे। जब उनकी नौकरी और पेंशन जाएगी तो वो अपने बच्चों, परिवार और समाज के बीच अपमान की ज़िंदगी की सज़ा अकेले भुगतेंगे। लोकसभा चुनावों में अयोध्या में हुई पीडीए की सच्ची जीत, उनके मिल्कीपुर के विधानसभा की झूठी जीत पर कई गुना भारी है और हमेशा रहेगी।