Lucknow News: अनाथालय को बनाया जाएगा वृद्धाश्रम, कर्मियों की होगी बर्खास्तगी

Lucknow News: डीएम द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक अनाथालय को अब वृद्धाश्रम बनाया जाएगा। साथ ही यहां तैनात अधीक्षक और कर्मचारियों को बर्खास्त किया जाएगा।

Santosh Tiwari
Published on: 22 Oct 2024 5:56 AM GMT
Lucknow News
X

Lucknow News (Pic: Social Media)

Lucknow News: अलीगंज के श्री राम औद्योगिक अनाथालय से नौ किशोरियों के भागने के मामले में प्रशासन अब सख्ती करने की तैयारी में है। डीएम द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक अनाथालय को अब वृद्धाश्रम बनाया जाएगा। साथ ही यहां तैनात अधीक्षक और कर्मचारियों को बर्खास्त किया जाएगा। बताते चलें कि 9 किशोरियों के भागने के बाद यहां बची अन्य किशोरियों को राजकीय बालिका गृह में शिफ्ट किया जा चुका है। डीएम के आदेश के बाद अब अनाथालय को वृद्धाश्रम में तब्दील किया जाएगा।

लखनऊ, अयोध्या और बिहार से हुई थी बरामदगी

17 अक्टूबर को अनाथालय से 9 लड़कियां बाथरूम के पास लगी खिड़की की ग्रिल काटकर फरार हो गई थी। यह लड़कियां अपने कमरे से वाशरूम जाने का बहाना करके निकली थी। सुबह जब स्टाफ को जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन में लड़कियों की तलाश शुरू की थी। घटना वाले दिन ही दो लड़कियां लखनऊ में पुरनिया बस स्टैंड के पास से पुलिस को मिली थी। जबकि शनिवार को एक लड़की अयोध्या में अपने रिश्तेदार के घर से मिली। वहीं, बाकी 6 लड़कियां बिहार के सीवान में थी। यहां से मुखबिर की सूचना और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने 6 लड़कियों को बरामद किया था।

यह थी पूरी घटना

शुक्रवार की सुबह अलीगंज के राम औद्योगिक अनाथालय से 9 किशोरियां खिड़की की ग्रिल काटकर फरार हो गई थी। इसकी सूचना जब प्रबंधन को हुई तो 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की। पूछताछ में सामने आया है कि यह सभी वाशरूम जाने की बात कहकर कमरे से निकली थी। इसके बाद वाशरूम के बगल में लगी खिड़की की ग्रिल काटकर एक के बाद एक सभी अनाथालय से फरार हो गई। लड़कियों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीम, स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया था।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story