TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

Lucknow News: गोमती नगर में BJP पार्षद पर बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला, SUV के तोड़े शीशे

Lucknow News: गोमतीनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को मोटरसाइकिल सवार कुछ बदमाशों ने भारतीय जनता पार्टी के पार्षद के मकान के बाहर धावा बोल दिया।

Shishumanjali kharwar
Published on: 30 Sep 2024 11:40 AM GMT (Updated on: 30 Sep 2024 11:55 AM GMT)
Lucknow News
X

लखनऊ में गोमती नगर में भाजपा पार्षद पर बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला (सोशल मीडिया)

Lucknow News: राजधानी के गोमतीनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को मोटरसाइकिल सवार कुछ बदमाशों ने भारतीय जनता पार्टी के पार्षद के मकान के बाहर धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी भाजपा सांसद की एसयूवी गाड़ी के शीशे तोड़ दिये। शोर सुनकर जब पार्षद घर से बाहर निकले तो बदमाशों ने ईंट से हमला कर दिया। जिससे पार्षद घायल हो गये। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश फरार हो गये। भाजपा पार्षद की तहरीर पर गोमतीनगर पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी युवकों की तलाश कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार गोमती नगर थाना क्षेत्र के विनयखंड में भारतीय जनता पार्टी के पार्षद संजय सिंह राठौर परिवार के साथ रहते हैं। पार्षद संजय सिंह राठौर ने बताया कि उनके घर के बाहर सीतापुर के मिश्रिख से भाजपा सांसद अशोक रावत की एसयूवी कुछ दिनों से खड़ी है। सोमवार सुबह अचानक उन्हें घर के बाहर से आवाज सुनायी दी। जिसके बाद वह घर से बाहर निकले तो देखा कि मोटरसाइकिल सवार दो युवक घर के बाहर खड़ी एसयूवी के शीशे तोड़ रहे थे। यह देख पार्षद तुरंत घर के बाहर निकले और युवक को ऐसा करने से रोका। जिस पर मोटरसाइकिल सवार पार्षद के साथ गाली-गलौज करने लगे। यहीं नहीं विरोध करने पर युवकों पर पार्षद पर ईंट से हमला कर दिया। ईंट लगने के कारण पार्षद घायल हो गये।

वहीं शोर सुनकर जब तक आसपास के लोग घरों से बाहर निकले। मोटरसाइकिल सवार युवक वहां से फरार हो गये। परिजन पार्षद को लेकर अस्पताल पहुंचे और उनका उपचार कराया। इसके बाद भाजपा पार्षद गोमती नगर थाने पहुंचे और युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी। गोमती नगर थाने के इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि भाजपा पार्षद की तहरीर पर शिकायत दर्ज कर ली गयी है। पार्षद संजय सिंह राठौर के घर के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। ऐसे में इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story