TRENDING TAGS :
BSP New Office:...तो नए ऑफिस से कमान संभालेंगे आकाश आनंद, यहीं से संचालित होगी पार्टी की सोशल मीडिया एक्टीविटी!
BSP New Office: राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय के पास एक इमारत में काम तेजी से चल रहा है। उसका रंग रूप देखकर इस बात की चर्चा होने लगी है कि इसमें बीएसपी का नया कार्यालय काम करेगा। बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में अपने भतीजे आकाश आनंद का नाम तय किया है। वह यहीं से अपनी राजनीतिक गतिविधयां चलाएंगे।
बहुजन समाज पार्टी के नए ऑफिस से राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद काम करेंगे: Photo- Social Media
BSP New Office: 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। यूपी में भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा एक दूसरे को मात देने के लिए अपने दांव चल रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस मुख्यालय के पास एक इमारत का रेनोवेशन जोरों से चल रहा है। बसपा के प्रदेश कार्यालय और बसपा प्रमुख मायावती के आवास की तरह का ही बड़ा गेट और उसी रंग के टाइल्स लगे हैं।
दरअसल, बताया जा रहा है कि बसपा के नए कार्यालय के लिए यह निजी इमारत तैयार हो रही है। हाल में बसपा सुप्रीमो मायावती के उत्तराधिकारी घोषित किए गए आकाश आनंद फिलहाल यहीं से यूपी की कमान संभालेंगे। आने वाले समय में इसी हाइटेक आफिस में उनकी सोशल मीडिया टीम शिफ्ट होगी और यहीं से पार्टी की सोशल मीडिया एक्टिविटी संचालित होंगी। चर्चा है कि लोकसभा चुनाव के दौरान यहीं पर वॉर रूम भी बनेगा।
आकाश आनंद बहुजन समाज पार्टी में राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर हैं। उनको मायावती ने अपना उत्तराधिकारी भी घोषित कर दिया है। फिलहाल वह देश के कई राज्यों में संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। वह इस समय नई दिल्ली में ही अपना अधिक समय दे रहे हैं। अब जल्द ही लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में यूपी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। यहीं पर बसपा का सबसे ज्यादा जनाधार है। पार्टी सूत्रों की मानें तो आकाश उत्तर प्रदेश में भी समय देंगे। बताया जा रहा है कि वह 16, माल एवेन्यू में बन रहे नए दफ्तर से ही पार्टी की कमान संभालेंगे और यहीं से पूरे प्रदेश पर नजर रहेगी
Photo- Social Media
ये गतिविधियां होंगी
आकाश आनंद का फोकस सोशल मीडिया पर अधिक है। पार्टी का अधिकृत यू-ट्यूब चैनल, ट्विटर हैंडल पहले से है। पिछले महीने उन्होंने मिस्ड कॉल नंबर जारी किया था। साथ ही एक वेबसाइट भी लॉन्च की है। इसके जरिए वह वॉलंटियर तैयार कर रहे हैं। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले वीडियो और पोस्टर भी जारी किए जाएंगे। अभी उनकी दिल्ली में सोशल मीडिया टीम है। वह टीम भी उत्तर प्रदेश आकर काम करेगी। इसके लिए नए आफिस में स्टूडियो बनाने की योजना है। साथ ही एक विडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम होगा। इससे वह देश-प्रदेश के कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़ सकेंगे।
पुराना आफिस ही प्रदेश कार्यालय
अभी बहुजन समाज पार्टी का दफ्तर 12 माल एवेन्यू है। यह दफ्तर बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार के दौरान बना था। फिलहाल यह दफ्तर प्रदेश कार्यालय के तौर पर ही इस्तेमाल किया जाएगा।