Lucknow News: नगर निगम के सदन में उठा पार्क में करंट से किशोर की मौत का मामला, AE की जांच शुरू

Lucknow News: हादसे के बाद नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने AE ईशान पांडेय के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Santosh Tiwari
Published on: 2 Sep 2024 2:19 PM GMT
Lucknow News
X

पार्षद रणजीत (Pic: Newstrack)

Lucknow News: रविवार को राजधानी के गुडंबा में किशोर अभिषेक गौतम (14) की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को नगर निगम में आयोजित सदन में भी इसका मुद्दा उठा। हालांकि इस मुद्दे पर ज्यादा देर तक चर्चा नहीं हो सकी। बताया गया कि इस पर बाद में विस्तार से चर्चा की जाएगी। सदन की बैठक के दौरान पार्षद रणजीत ने मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह के सामने इस हादसे के लिए अधिकारियों को जिम्मेदार बताया और कार्रवाई की मांग उठाई। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने लापरवाही बरतने पर स्थानीय AE ईशान पांडेय के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। इसके अलावा कार्यदायी संस्था के 4 अधिकारियों को कल ही नौकरी से हटा दिया गया था।

AE की विभागीय जांच शुरू, कार्यदायी संस्थाओं पर भी कार्रवाई

हादसे के बाद नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने AE ईशान पांडेय के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था के जेई कृष्णकांत, लाइनमैन श्री राम कनौजिया, स्विचमैन चंद्रशेखर व रामानुज को भी नौकरी से हटा दिया है। साथ ही लापरवाही बरतने पर संस्था EESL के खिलाफ 5 लाख का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा इको सेंट, प्रभात कंस्ट्रक्शन पर ढाई ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगा है। इन तीनों संस्थाओं पर स्ट्रीट लाइट लगाने से लेकर उनके रखरखाव की जिम्मेदारी थी। अब इन तीनों कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी भी की जा रही है। वहीं, नगर निगम की ओर से पीड़ित परिवार को 5 लाख के मुआवजे की घोषणा भी की गई है।


यह था मामला

रविवार की सुबह गुडंबा थानाक्षेत्र के कंचन नगर इलाके में स्थित गायत्री पार्क में अभिषेक गौतम (14) पुत्र राजेश की करंट लगने से मौत हो गई थी। वह पार्क में टहलने के लिए गया था जहां हाई मास्ट के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मृतक निशातगंज के राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ाई करता था और रोज की तरह ही रविवार को भी वह पार्क में टहलने के लिए गया था। इसी बीच वह हादसे का शिकार हो गया। आसपास के लोगों ने जब उसे अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। करीब एक घंटे बाद मृतक की शिनाख्त हो सकी। इसके बाद परिजनों को भी बुलाया गया। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। वहीं, किशोर की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया था।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story