TRENDING TAGS :
Ayodhya Ram Mandir: शहर के कॉलेजों में मनाया गया उत्सव, पुनर्वास विवि में जलाए गए पांच हजार दीप
Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में प्रभु राम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए शहर के कई विश्वविद्यालयों व कॉलेजों में राम मंदिर का उत्सव मनाया गया।
Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में प्रभु राम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर शहर के कई कॉलेजों में अलग-अलग माध्यम से भगनान राम की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मनाया गया। इसको ध्यान में रखते हुए डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में शनिवार को 5100 दीपों को जलाकर दीपोत्सव मनाया गया।
पुनर्वास विवि में 5100 दीपों से मना दीपोत्सव
अयोध्या में प्रभु राम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए शहर के कई विश्वविद्यालयों व कॉलेजों में राम मंदिर का उत्सव मनाया गया। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में शनिवार को पूरे परिसर की साफ-सफाई की गई। यहां मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अमितोष रहे। पुनर्वास विश्वविद्यालय में रामोत्सव मनाने के लिए 5100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए और प्रसाद के रुप में 25 किलो मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम में निर्माण राष्ट्रीय कला मंच और डॉ. सुनीता शर्मा ने रंगोली भी बनाई। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा कृष्ण पाल सिंह, कुलसचिव रोहित सिंह, वित्त अधिकारी संजय सिंह, प्रो. हिमांशु शेखर झा समेत कई लोग रहे।
नवयुग में मना अवध उत्सव
नवयुग कन्या महाविद्यालय में अवध उत्सव मनाया गया। यह कार्यक्रम सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित किया गया था। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय बताती हैं कि इस कार्यक्रम में बीए चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा श्रेया उपाध्याय ने भगवान राम के आगमन का एक गीत सुनाया। अवध उत्सव कार्यक्रम में अयोध्या के राम मंदिर की झलक दिखाते हुए कॉलेज की छात्रा दीपिका, सुप्रिया, काजल अवस्थी, ममता, निहारिका और प्रिया की ओर से सुंदर रंगोली भी बनाई गयी। यहां बीएड प्रथम सेमेस्टर की दीप्ति मिश्रा की ओर से रामभजन प्रस्तुत किया गया।
सुंदरकांड पाठ कर मनाया उत्सव
लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध जय नारायण मिश्र पीजी कॉलेज केकेसी में सुंदरकांड पाठ कर भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मनाया गया। कॉलेज के फिजिकल एजुकेशन विभाग के जिम्नेजियम हॉल में सुंदरकांड और हनुमान चलीसा का पाठ हुआ। इस कार्यक्रम में कॉलेज के छात्रों के साथ शिक्षकों व कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विनोद चंद्रा, उप प्राचार्य, प्रो. केके शुक्ला समेत कॉलेज के अन्य लोग मौजूद रहे। उक्त अवसर पर कॉलेज के पूर्व छात्र भी शामिल हुए।