×

UP: CM की फ्लीट में चल रही एंटी डेमो गाड़ी की कार से टक्कर, 3 बच्चे सहित 11 गंभीर घायल, प्रमुख सचिव गृह ने संभाला मोर्चा

Lucknow Accident News: हादसा राजधानी लखनऊ के अर्जुनगंज में हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही सभी आला अधिकारी सिविल अस्पताल पहुंचे। इनमें प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद भी हैं।

aman
Written By amanReport Ashutosh Tripathi
Published on: 24 Feb 2024 3:27 PM GMT (Updated on: 24 Feb 2024 4:15 PM GMT)
Lucknow Accident News
X

CM की फ्लीट में चल रही एंटी डेमो गाड़ी की कार से टक्कर में घायल लोग (Social Media) 

Lucknow Accident News: यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फ्लीट में चल रही एंटी डेमो गाड़ी एक कार से जा टकराई। दोनों गाड़ियों की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि, हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सिविल हॉस्पिटल भेजा गया। ये हादसा राजधानी लखनऊ के अर्जुनगंज में हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही सभी आला अधिकारी सिविल अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने वालों में प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद भी हैं। डीजीपी प्रशांत कुमार ने घायल पुलिसकर्मियों से बातचीत की।

प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना की खबर मिलते ही राजधानी के कई आलाधिकारी सिविल अस्पताल। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद भी सिविल अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों से घायलों का हाल जाना। संजय प्रसाद ने खुद मोर्चा संभाला। जिन मरीज़ों की हालत ज़्यादा ख़राब है, उन्हें ट्रामा सेंटर भेजा गया है। सूचना मिलये ही लखनऊ डीएम सूर्य पाल गंगवार भी सिविल अस्पताल पहुंचे। सीपी लखनऊ भी अस्पताल पहुंचे हैं।


ऐसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सीएम की फ्लीट में चल रही एंटी डेमो गाड़ी के सामने कोई एक कुत्ता आ गया था। एंटी डेमो गाड़ी की रफ़्तार तेज होती है। एक जीव को बचाने की कोशिश में फ्लीट वाली गाड़ी की कार से टक्कर हो गई। अचानक हुई टक्कर में किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। तीन बच्चों, 6 पुलिसवालों सहित कुल 11 लोग गंभीर घायल हो गए।


गाड़ी का ऐसा हुआ हाल

भीषण टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों की सूरत ही बदल गई। गाड़ियों की हालत देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितना जोरदार था।



DGP ने घायल पुलिसकर्मियों से जाना हाल

घटना की जानकारी मिलने पर डीजीपी प्रशांत कुमार भी सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों से बातचीत की। उनका हाल जाना।






जेसीपी ने बताया पूरा हाल

सीएम फ्लीट की एंटी डेमो कार हादसे पर जेसीपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया, 'अर्जुन गंज के मरी माता मंदिर के पास ये सड़क हादसा हुआ। सीएम की सिक्योरिटी के लिए जिला पुलिस की गाड़ियां आगे चलती हैं। उसी में शामिल डेमो कार से हादसा हुआ। दरअसल, सड़क पर अचानक कुत्ता आ गया था। जिसे बचाने की कोशिश में गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। जिस कारण हादसा हुआ। वहीं कुछ दूरी पर खड़े वाहनों से एंटी डेमो कार जा टकराई। हादसे में करीब 11 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जेसीपी ने बताया, मुख्यमंत्री की फ्लीट थी। लेकिन सड़क हादसे से फ्लीट का कोई मतलब नहीं है। जिला पुलिस व एंटी डेमो की गाड़ियां फ्लीट के काफी आगे चलती है। सभी घायलों का इलाज अच्छी तरह हो, इसके निर्देश दिए गए हैं।

अखिलेश यादव- भाजपा इस हादसे से ये सबक ले

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस हादसे पर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, अनाथ पशुओं की समस्या को गंभीरता से नहीं लेने की वजह से आज स्वयं मुख्यमंत्री जी का क़ाफ़िला हादसे का शिकार हुआ है और कई लोग घायल हुए हैं। दुखद भी, चिंतनीय भी। पशुओं की समस्या उप्र का एक ख़तरनाक सत्य है। ये लोगों के जीवन का प्रश्न है। आशा है अब तो आँखें खुल गई होंगी और चुनाव में किया गया वो भाजपाई वादा याद आ गया होगा जिसमें आवारा जानवरों से छुटकारा दिलवाने का वचन दिया गया था। जब लोगों के अपने जीवन पर बन आती है तब पता चलता है कि आम जनता की समस्या के लिए झूठ बोलना कभी ख़ुद की ज़िंदगी के लिए महँगा पड़ सकता है। भाजपा इस हादसे से ये सबक ले कि जहाँ ज़िंदगी का सवाल हो वहाँ जुमलेबाज़ी नहीं करनी चाहिए।


aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story