Lucknow News: विषम परिस्थितियों में भी कठिन परिश्रम करती है हमारी पुलिस: सीएम योगी

Lucknow News: अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पुलिस की उपलब्धियों के बारे में बताया। साथ ही सरकार द्वारा पुलिसकर्मियों के हित में किए जा रहे कार्यों को भी गिनाया।

Santosh Tiwari
Published on: 21 Oct 2024 4:54 AM GMT (Updated on: 21 Oct 2024 5:49 AM GMT)
Lucknow News
X

Lucknow News (social media) 

Lucknow News: प्रदेश की पुलिस ने विषम परिस्थितियों में कठिन परिश्रम किया है। सरकार ने पुलिस की सुविधा और उसे सुदृढ़ करने के लिए भी कई प्रयास किए हैं। यह वर्ष प्रदेश के लिए बेहद अहम रहा क्यों कि इसी वर्ष अयोध्या के श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई। इसके अलावा लोक सभा सामान्य निर्वाचन का चुनाव भी पुलिस ने सकुशल संपन्न कराया। यह बातें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित "पुलिस स्मृति दिवस" में कही। उन्होंने कहा कि पुलिस की सुविधाओं के लिए जनपदों और जिला इकाईयों में तैनात कर्मियों के लिए राशि का आवंटन किया गया है। साथ ही उनके उपचार की भरपाई और कैशलेस इलाज के लिए भी व्यवस्था कराई गई। अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेश में पुलिस की उपलब्धियों को भी बताया। साथ ही सरकार द्वारा पुलिसकर्मियों के हित में किए जा रहे कार्यों को भी गिनाया।

वीरों के पराक्रम से प्रदेश का पुलिस बल गौरवान्वित

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को हम सभी पुलिस स्मृति दिवस के रूप में उन वीर शहीद पुलिस जनों को श्रद्धांजलि देने के लिए मनाते हैं, जिन्होंने राष्ट्र व समाज की रक्षा के लिए कर्तव्य पालन में समर्पण और बलिदान का अप्रतिम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। डीजीपी ने कहा कि 1 सितंबर 2023 से 31 अगस्त 2024 तक की अवधि में संपूर्ण भारतवर्ष में कर्तव्य की वेदी पर 214 पुलिस जनों ने अपने प्राण न्योछावर किए। इनमें उत्तर प्रदेश के दो दो पुलिसजन आरक्षी रोहित कुमार व आरक्षी सचिन राठी शामिल हैं। कर्तव्य पालन में आत्म बलिदान करने वाले इन वीरों के पराक्रम से प्रदेश का संपूर्ण पुलिस बल गौरवान्वित है। आगे उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवानों का यह बलिदान उनकी सच्ची समर्पण भावना एवं कर्तव्य परायणता का द्योतक है। अंत में उन्होंने कहा कि मैं पुलिस स्मृति दिवस पर अपनी तथा प्रदेश पुलिस बल की ओर से इन सभी वीर पुलिस जनों को श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं और उनको आश्वस्त करता हूं कि उत्तर प्रदेश पुलिस सदैव उनके साथ है।

शहीदों की याद में निकाली गई परेड

कार्यक्रम में पुलिस के विभिन्न विभागों की ओर से परेड का भी आयोजन किया गया। इसमें सभी ने मार्च पास्ट किया इसके बाद बैंड के धुनों पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। परेड के दौरान शोक शस्त्र एवं मौन सलामी भी दी गई। इस दौरान मंडलायुक्त रोशन जैकब, लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल, MLC अवनीश द्विवेदी समेत बड़ी बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story