Lucknow: भूख हड़ताल पर बैठे लविवि छात्रों की बिगड़ी हालत, जानें क्या है पूरा मामला

Lucknow: लखनऊ विश्वविद्यालय में परीक्षा छूटने से नाराज छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। भूख हड़ताल का आज दूसरा दिन है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 14 Dec 2023 8:21 AM GMT (Updated on: 14 Dec 2023 8:25 AM GMT)
lucknow news
X

भूख हड़ताल पर बैठे लविवि छात्रों की बिगड़ी हालत (न्यूजट्रैक)

Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय में परीक्षा छूटने से नाराज छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। भूख हड़ताल का आज दूसरा दिन है। भूख हड़ताल के चलते अब छात्रों की हालत बिगड़ने लगी है। इसके बाद भी छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनका एडमिट कार्ड जारी कर परीक्षा नहीं करायी जायेगी। तब तक उनका विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल जारी रहेगा। वहीं छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से भी मुलाकात की थी। छात्रों से भेंट के बाद डिप्टी सीएम ने उनका प्रवेश पत्र जारी कराने का आश्वासन दिया था।

जानें पूरा मामला

लखनऊ विश्वविद्यालय में मंगलवार से शुरू हुई विषम सेमेस्टर की परीक्षा में 11 विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र जारी नहीं किए गए। प्रवेश पत्र न होने के चलते एक छात्र का पेपर भी छूट गया। पेपर छूटने से नाराज छात्रों ने कुलपति कार्यालय का घेराव किया। वहीं मांगें पूरी न होने पर छात्रों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। जो छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

उनमें प्रिंस कुमार, आलोक मिश्रा, आकाश देव पांडेय, विंध्यवासिनी शुक्ला, मंगेश यादव, उत्कर्ष तिवारी, रितिक राय, प्रसन्न शुक्ला व शशि प्रकाश शुक्ला के नाम शामिल हैं। छात्रों का आरोप है कि उन्हीं छात्रों को परीक्षा देने से रोका गया है, जो छात्रसंघ चुनाव की बहाली के लिए बीते दिनों भूख हड़ताल पर बैठे थे। छात्र इसे कुलपति की बदलापूर्ण कार्रवाई मान रहे हैं।

छात्रों का यह भी आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जानबूझकर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इसलिए छात्र भूख हड़ताल करने के लिए बाध्य हुए हैं। छात्रों को यह भी डर सता रहा है कि अगर लविवि प्रशासन द्वारा एडमिट कार्ड जारी नहीं किया गया तो उनका साल बर्बाद हो जाएगा। लविवि प्रशासन अपनी मनमानी पर अमादा है जोकि छात्रों के हित में नहीं है। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना कि कम उपस्थिति के कारण छात्रों का एडमिट कार्ड रोका गया था।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story