Lucknow News: अजय राय ने भाजपा पर बोला हमला, बोले- जनता ने निकाली दावों की हवा

Lucknow News: अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा और पीएम मोदी के 80 में 80 सीटें जीतने के दावे की हवा निकाल दी। बनारस नें दस लाख पार के नारे की हवा काशी की जनता ने निकाल दी है।

Abhishek Mishra
Published on: 12 Jun 2024 1:30 PM GMT
Lucknow News: अजय राय ने भाजपा पर बोला हमला, बोले- जनता ने निकाली दावों की हवा
X

Congress PC in Lucknow: मॉल एवेन्यू स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन हुआ। जिसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने संबोधित किया। यहां यूपी कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा भी मौजूद रहीं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूरे देश में आज उत्तर प्रदेश की चर्चा हो रही है।

जनता ने निकाली भाजपा के दावों की हवा

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा और पीएम मोदी के 80 में 80 सीटें जीतने के दावे की हवा निकाल दी। बनारस नें दस लाख पार के नारे की हवा काशी की जनता ने निकाल दी है। प्रदेश की जनता का असीम प्रेम और जनसमर्थन इंडिया गठबंधन को मिला है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर इस प्रदेश एवं देश को बनाने का काम कर रहे हैं। मैं वाराणसी से चुनाव लड़ा और जनता का भरपूर सहयोग मिला।

पेपर लीक से युवाओं का भविष्य अंधकारमय

अजय राय ने कहा कि नौजवानों में हाहाकार मचा हुआ है। अभी हाल ही में जारी हुए नीट परीक्षा के परिणामों पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों में घोर निराशा छा गई है। अब तक पेपर लीक, परीक्षाओं पर सवाल प्रदेश में उठते थे, अब ये बीमारी केन्द्र तक पहुंच गई है। भाजपा सरकार में युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है, बहुत सारे बच्चे डिप्रेशन का शिकार हो गये हैं।

जनता का आभार व्यक्त करेगी कांग्रेस

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 11 से 15 जून तक प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करेंगे। पार्टी की ओर से धन्यवाद यात्रा निकाली जाएंगी। यात्रा में पार्टी ने इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों को आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन मजबूती के साथ जनमुद्दों को उठाकर सरकार को घेरने का काम करेगा। चंद पूंजीपतियों के हाथों में खेल रही है मोदी सरकार को जनता के हित में कार्य करने के लिए संघर्ष कर बाध्य करेंगे। इस मौके पर मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत, डॉ. सुधा मिश्रा व अन्य मौजूद रहे।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story