×

Lucknow News: कांग्रेस ने किया बड़ा दावा, 1 लाख 32 हजार वोटों से हारेंगे पीएम मोदी!

Lucknow News: मीडिया विभाग के चेयरमैन पूर्व मंत्री डॉ. सीपी राय ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में जिस प्रकार इस देश और प्रदेश की जनता ने इंडिया गठबंधन को अपना प्यार और समर्थन दिया है। उससे हम पूरे विश्वास के साथ कह रहे हैं कि आगामी 4 जून को देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। भाजपा का खेल अब खत्म होने वाला है।

Abhishek Mishra
Published on: 31 May 2024 1:15 PM GMT
Lucknow News: कांग्रेस ने किया बड़ा दावा, 1 लाख 32 हजार वोटों से हारेंगे पीएम मोदी!
X

Congress Press Conference: प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिसे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सीपी राय ने संबोधित किया। उन्होंने 4 जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया। इसके साथ गठबंधन के नेताओं द्वारा की गई जनसभाओं, रैलियों और प्रचार का ब्योरा रखा।

भाजपा का खेल अब खत्म- डॉ. राय

कांग्रेस मुख्यालय पर प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मीडिया विभाग के चेयरमैन पूर्व मंत्री डॉ. सीपी राय ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में जिस प्रकार इस देश और प्रदेश की जनता ने इंडिया गठबंधन को अपना प्यार और समर्थन दिया है। उससे हम पूरे विश्वास के साथ कह रहे हैं कि आगामी 4 जून को देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। भाजपा का खेल अब खत्म होने वाला है। उन्होंने कहा कि वाराणसी लोकसभा क्षेत्र के इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय का भोजपुरी भाषा में दिया विज्ञापन भाजपा के इशारे पर नहीं छापा गया। यह भोजपुरी भाषा, क्षेत्र तथा भोजपुरी लोगों का घोर अपमान है। डॉ. सीपी राय ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने काशी जैसी धार्मिक नगरी को पर्यटन की नगरी बनाकर रख दिया है। अब यहां दर्शन के लिए भी पैसा लिया जाता है। कोई नया विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज नहीं बनाया गया। रोजगार के लिए कोई कारखाना नहीं लगाया गया। उन्होंने कहा कि वाराणसी का चुनाव पूरी तरह से स्थानीय बनाम गुजराती बन गया है।


प्रियंका ने प्रदेश में की 80 नुक्कड़ सभाएं

मीडिया विभाग के चेयरमैन ने पार्टी का प्रचार प्रसार का पूरा ब्योरा रखते हुए बताया कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 4 जनसभाएं व 1 प्रेस कान्फेंस, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 9 जनसभाएं व 1 प्रेसवार्ता, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 जनसभाएं व 2 प्रेस वार्ता और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने 22 जनसभाएं, 5 रोडशो, 15 स्वागत सभाएं और 80 नुक्कड़ सभाएं करते हुए इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि यूपी कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय ने सभी 80 लोकसभा क्षेत्रों में समन्वय बैठक, 15 जनसभाएं, 2 रोडशो व जनसंपर्क कार्यक्रम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने 4 जनसभाएं की।

मोदी को चुनाव हराएंगे अजय राय

डॉ. राय ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 4 जून को वाराणसी से चुनाव हार रहे हैं। उन्होंने कहा कि 4 जून को भाजपा बुरी तरह से हारने जा रही है। भाजपा को पूरे देश में सिर्फ 176 सीटें मिलेंगी। प्रदेश में आधे से भी कम सीटों पर रह जायेगी। वाराणसी के हालात बता रहे हैं कि नरेन्द्र मोदी 1 लाख 32 हजार वोटों से लोकसभा क्षेत्र के इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय से चुनाव हार रहे हैं। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता, सचिन रावत, डॉ. सुधा मिश्रा, यूपी कांग्रेस सोशल मीडिया उपाध्यक्ष शालिनी सिंह, दानिश आजम वारसी व अन्य मौजूद रहे।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story