×

UP By Election: कांग्रेस ने खेला साधारण कार्यकर्ता पर दांव, लखनऊ पूर्वी विधानसभा से बनाया उम्मीदवार

UP By Elections: लखनऊ पूर्वी विधानसभा सीट से 2022 विधानसभा चुनावों में भाजपा नेता आशुतोष टंडन ने जीत दर्ज की थी। बीते वर्ष 9 नवंबर को उनका निधन हो गया। जिसके बाद यह विधानसभा सीट खाली हो गई। अब लोकसभा चुनावों के साथ ही विधानसभा सीट पर भी चुनाव होंगे।

Abhishek Mishra
Published on: 15 April 2024 2:15 PM GMT
UP By Election: कांग्रेस ने खेला साधारण कार्यकर्ता पर दांव, लखनऊ पूर्वी विधानसभा से बनाया उम्मीदवार
X

UP By Election: लखनऊ की पूर्वी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। कांग्रेस ने पूर्व शहर अध्यक्ष और प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह चौहान को मैदान में उतारा है। बता दें कि आगामी लोकसभा चुनावों के साथ देश के अलग-अलग प्रदेशों की 26 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इसमें यूपी की चार सीटें शामिल हैं।

पूर्व शहर अध्यक्ष को दिया टिकट

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की लखनऊ पूर्वी विधानसभा सीट के लिए प्रत्याथी घोषित कर दिया है। लखनऊ के पूर्व शहर अध्यक्ष रहे मुकेश सिंह चौहान को पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनाया गया है। वह इस समय प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रदेश महासचिव के पद पर हैं।

क्षेत्र के लोगों में उत्साह

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अलीमुल्लाह खान ने कहा कि सीट के लिए लोकप्रिय प्रत्याशी घोषित होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ साथ पूरे विधानसभा में आम लोगों में काफी उत्साह है। हमें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में जीत हासिल करेगी।

यूपी की चार सीटों पर होने हैं चुनाव

लखनऊ पूर्वी विधानसभा में 20 मई को चुनाव होने हैं। इसके साथ उत्तर प्रदेश की चार अन्य विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होने हैं। जिसमें शाहजहांपुर जिले की ददरौल, बलरामपुर की गैंसड़ी, सोनभद्र की दुद्धी और लखनऊ की पूर्वी विधानसभा सीट भी शामिल हैं। सभी उपचुनावों के नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे।

भाजपा विधायक के निधन पर उपचुनाव

लखनऊ पूर्वी विधानसभा सीट से 2022 विधानसभा चुनावों में भाजपा नेता आशुतोष टंडन ने जीत दर्ज की थी। बीते वर्ष 9 नवंबर को उनका निधन हो गया। जिसके बाद यह विधानसभा सीट खाली हो गई। अब लोकसभा चुनावों के साथ ही विधानसभा सीट पर भी चुनाव होंगे। इस सीट के साथ देश के विभिन्न प्रदेशों की 26 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव होना है।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story