×

Eid-Ul-Fitra: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बोले- ईद सामाजिक समरसता का त्योहार, लोगों को दी मुबारकबाद

Lucknow News: प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि रमजान के पाक महीने की समाप्ति पर ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाता है। ईद को सामाजिक सद्भाव और समरसता का त्योहार माना जाता है। उन्होंने कहा कि इस मौके पर सभी एक दूसरे से गले मिलकर गिले शिकवे मिटा देते हैं।

Abhishek Mishra
Published on: 11 April 2024 1:15 PM GMT
Eid-Ul-Fitra: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बोले- ईद सामाजिक समरसता का त्योहार, लोगों को दी मुबारकबाद
X

Lucknow News: कांग्रेस पार्टी की रवायत कायम रखते हुए ईद-उल-फितर के मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ऐशबाग ईदगाह पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात कर सभी को ईद के त्योहार की मुबारकबाद दी। यहां उन्होंने ईदगाह के मंच से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने दी ईद की मुबारकबाद

ईद का त्योहार आपसी सद्भाव और समरसता को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय गुरुवार को ईद के अवसर पर शहर के ऐशबाग क्षेत्र स्थित ईदगाह पहुंचे। मोहब्बत और भाईचारे को कायम रखने वाले ईद के त्योहार पर सभी से मिलकर बधाई दी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ऐशबाग ईमाम ईदगाह हज़रत मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली साहब, टीले वाली मस्जिद के ईमाम मौलाना फजलुर मन्नान साहब और शिया धर्मगुरू मौलाना यासूब अब्बास साहब से मिलकर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी।


ईद पर गले मिलकर भुलाए जाते हैं शिकवे

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि रमजान के पाक महीने की समाप्ति पर ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाता है। ईद को सामाजिक सद्भाव और समरसता का त्योहार माना जाता है। उन्होंने कहा कि इस मौके पर सभी एक दूसरे से गले मिलकर गिले शिकवे मिटा देते हैं। समाज को एक धागे में पिरोकर मुल्क को मजबूत करने की दुआ की जाती है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ मुख्य रुप से प्रदेश महासचिव सैफ अली नकवी, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी व डॉ. शहजाद आलम, पूर्व प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष नईम सिद्दीकी, ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस मध्य जोन के चेयरमैन तारिक सिद्दीकी, ललन कुमार, मेहदी हसन, फखरूल इस्लाम, अमन यादव उपस्थित रहे।


कई नेताओं ने की शिरकत

ईद के मौके पर गुरुवार को ऐशबाग ईदगाह में राजनीतिक दलों के नेताओं का तांता लगा रहा। यहां समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शिरकत की। उन्होंने सभी से मुलाकात करते हुए ईद की मुबारकबाद दी। इसके साथ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और अल्संख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी भी मौजूद रहे। सभी ने ईदगाह के मंच से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story