TRENDING TAGS :
Navratri 2024: बड़ी काली जी मंदिर में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, गूंजे जयकारे
Badi Kali Mandir Lucknow: नवरात्रि के पहले दिन लखनऊ के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या भक्त भजन आरती गाते माता के दर्शन के लिए पहुंचे।
Lucknow Badi Kali Mandir (Photo: Newstrack )
Chaitra Navrtari 2024: आज हिंदुओं का प्रमुख पर्व नवरात्रि प्रारंभ हो हो गई है। आज से मां दुर्गा के नौ चरित्रों की प्रतिदिन पूजा की जाएगी। नवरात्रि के पहले दिन ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सुबह से श्रद्धालु बड़ी संख्या में देवी मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिरों में आज मां दुर्गा के प्रथम चरित्र शैलपुत्री की पूजा की गई। मंदिर मां शैलपुत्री के जयकारों से गूंज उठे।
मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
नवरात्रि पर्व पर मंगलवार को लखनऊ में देवी मंदिरों में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए तड़के सवेरे से ही पहुंच गए। चौक स्थित बड़ी काली जी मंदिर में श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं के दर्शन का सिलसिला सुबह से ही चल रहा है। मां के जयकारों के साथ सभी श्रद्धालु जगतमाई दुर्गा देवी के दर्शन कर मां को चुनरी और नारियल चढ़ा रहे हैं। वहीं शास्त्रीनगर स्थित दुर्गा देवी मंदिर में सोमवार से ही नवरात्रि उत्सव प्रारंभ हो गया था। हिमाचल प्रदेश से मां ज्वादा देवी की अग्नि लाकर यहां प्रजव्वलित की गई है। भक्त यहां भी सुबह से ही मां दुर्गा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
बड़ी काली जी मंदिर की विशेषता
लखनऊ के चौक स्थित बड़ी काली जी मंदिर की बड़ी विशेषता है। इस मंदिर में मां दुर्गा अपने काली अवतार में विराजमान हैं। चौक की तंग गलियों में बसी काली जी के इस मंदिर में केवल स्थानीय ही नही दूर-दूर से श्रद्धालु नारियल चढ़ाने आते हैं। यह भारत का पहला ऐसा मंदिर में हैं जहां काली जी की पूजा नारायण और लक्ष्मी के स्वरूप में होती है। बड़ी काली जी मंदिर की स्थापना 2400 वर्ष पहले की बताई जाती है। कहा जाता है कि आदि गुरु शंकराचार्य ने बड़ी काली जी को इस मंदिर में स्थापित किया था। हैरत की बात ये है कि हजारों साल बीतने के बाद भी मंदिर आज भी वैसा ही है। मंदिर के गर्भगृह में विराजमान देवी काली जी के दर्शन के लिए यहां पूरे साल श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई देती है। नवरात्रि में बड़ी काली जी में बड़ी रौनक रहती है। इस मंदिर की मान्यता है कि अगर कोई श्रद्धालु यहां 40 दिन आकर दर्शन करता है तो उसकी मनोकामना पूरी हो जाती है।
फूलों से सजाए गए मंदिर
लखनऊ में एक दिन पूर्व ही मंदिरों की साज-स्ज्जा का कार्य पूरा हो चुका है। नवरात्रि के चलते मंदिरों को फूलों से सजाया गया है। मंदिर में माता की चौकी लगाकर घटस्थापना की गई है और अखंड ज्योत जगाई गई। साथ ही दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ जल और प्रसाद की भी व्यवस्था की गई है। मंदिरों में साफ-सफाई से लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा तक के इंतजाम किए गए हैं। नवरात्रि को देखते हुए भीड़ को नियंत्रित रखने के भी इंतजाम किए गए हैं। आज से 17 अप्रैल तक श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन के लिए मंदिर जाएंगे। इस दृष्टि से भी सभी मंदिरों में उचित व्यवस्था की गई है।