Lucknow Bulldozer Action: बसंत कुंज में अकबर नगर के विस्थापितों ने किया प्रदर्शन

Lucknow Bulldozer Action: लोगों ने सरकार से अपने घरों को वापस देने की मांग उठाई और अकबर नगर को दोबारा बसाए जाने की मांग की है।

Santosh Tiwari
Published on: 20 July 2024 11:21 AM GMT (Updated on: 20 July 2024 11:22 AM GMT)
X

Lucknow Bulldozer Action

Lucknow Bulldozer Action: शनिवार दोपहर अकबर नगर के विस्थापित लोगों ने बसंत कुंज में प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने सरकार से अपने घरों को वापस देने की मांग उठाई और अकबर नगर को दोबारा बसाए जाने की मांग की है। बताते चलें कि कुछ दिनों पूर्व ही कुकरैल के किनारे अयोध्या रोड पर बसे अकबर नगर पर सरकार ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की थी। इसके बाद यहां घर बनाकर रहे रहे करीब 12 सौ लोगों को नए फ्लैट आवंटित कर बसंत कुंज योजना में भेज दिया गया।

इसके अलावा पंतनगर, रहीम नगर, इंद्र प्रस्थ नगर, अबरार नगर में चिन्हीकरण कर मकानों को तोड़े जाने के लिए निशान लगाए गए। हालांकि लोगों के बढ़ते विरोध के चलते सरकार ने इन इलाकों पर ध्वस्तीकरण करने से रोक लगा दी। ऐसे में शनिवार को अकबर नगर के विस्थापितों ने बसंत कुंज में सरकार पर पक्षपात के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान सरकार से नाराजगी जाहिर करते हुए अपने घरों को पुनः वापस करने और अकबर नगर को फिर से बसाने की मांग उठाई है। प्रदर्शन में शामिल अफरोज, साजिदा, पप्पू, वाजिद, मुन्ना आदि लोगों ने कहा कि अन्य इलाकों में जहां कुकरैल नदी की चौड़ाई 35 मीटर ही ली जा रही है ऐसे में सरकार चाहे तो अकबर नगर में 70 मीटर तक चौड़ाई के लिए जमीन ले सकती है लेकिन हमें फिर से वहां बसा दिया जाए। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए।


हाथों में तख्तियां लेकर उठाई ये मांगें

इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर कहा कि योगी जी हमारे घर हमें वापस कर दीजिए। हमारे बच्चों का भविष्य हमें लौटा दीजिए। जिस तरह पंत नगर, अबरार नगर के लोगों के साथ न्याय किया वैसे ही हमें भी न्याय दीजिए। कुछ लोगों ने सरकार से कहा कि हमारे मंदिर हमें वापस कर दीजिए। लोगों ने सरकार से जल्द उनकी मांग पर ध्यान देने का निवेदन किया है।


बसंत कुंज में लोगों ने ये सुविधाएं न होने के लगाए आरोप

अकबर नगर से विस्थापित होकर बसंत कुंज में रहने गए मुन्ना ने कहा कि पहले वहां महिलाएं रोज आसपास के इलाकों में काम कर के घरों का खर्च चला लेती थी। यहां से काम करने के लिए जाने में ही दिन में सौ रुपये खर्च हो जाते हैं। इसके अलावा यहां बच्चों की पढ़ाई के लिए न तो पास में कोई सरकारी स्कूल है न कोई अस्पताल है। उन्होंने आसपास कोई इबादत गाह होने की बात भी कही है। जिसकी वजह से लोगों को नमाज पढ़ने के लिए भी काफी दूर जाना पड़ता है।



शनिवार को मुख्यमंत्री ने अकबर नगर की जमीन पर किया पौधरोपण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अकबर नगर की खाली कराई जमीन पर पौधरोपण कर वृहद अभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत प्रदेश भर में 36.50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। कुकरैल के किनारे एक दिन में 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य है। इसके अलावा यहां 4.5 किमी के रेडियस में बनने जा रही ग्रीन बेल्ट में तकरीबन 1.25 लाख पौधे लगाए जाने हैं।

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story