Lucknow Crime: बिजली सप्लाई को लेकर विवाद, बंथरा में युवक की पीट-पीटकर हत्या

Lucknow Crime: बंथरा गांव में रहने वाले बब्बन पांडेय प्रॉपर्टी का काम करते हैं। गांव में बीते तीन दिन से बिजली संकट बना हुआ था। रविवार रात गांव में एक तरफ बिजली की सप्लाई शुरू हो गई थी।

Shishumanjali kharwar
Published on: 22 July 2024 6:31 AM GMT
lucknow news
X

लखनऊ के बंथरा में युवक की पीट-पीटकर हत्या (न्यूजट्रैक)

Lucknow Crime: राजधानी के बंथरा गांव में बीती रात बिजली सप्लाई को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हो गयी। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर धावा बोल दिया और पूरे परिवार को पीट कर घायल कर दिया। मारपीट में एक पक्ष के लोगों ने 20 वर्षीय युवक की इतनी ज्यादा पिटाई कर दी कि उसकी जान ही चली गयी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं युवक के परिजनों ने बंथरा पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

मिली जानकारी के अनुसार बंथरा गांव में रहने वाले बब्बन पांडेय प्रॉपर्टी का काम करते हैं। गांव में बीते तीन दिन से बिजली संकट बना हुआ था। रविवार रात गांव में एक तरफ बिजली की सप्लाई शुरू हो गई थी। वहीं बब्बन के इलाके में बिजली गुल ही थी। वहां विद्युत कर्मी बिजली को ठीक करने का काम कर रहे थे। तभी बब्बन का 20 वर्षीय बेटा ऋतिक पांडेय कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। जहां पर गांव के ही रहने वाले रिशु सिंह व अन्य लोग पहले से मौजूद थे। इसी दौरान बिजली सप्लाई को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। विवाद धीरे-धीरे मारपीट में बदल गया।

थोड़ी देर बाद ऋतिक वापस घर लौट गया। ऋतिक के घर लौटने के कुछ देर बाद रिशु और उसके परिवार के कुछ और लोग बब्बन के घर आ पहुंचे। इसके बाद उन लोगों ने बब्बन के परिवार वालों की पिटाई कर दी। उन लोगों ने ऋतिक को पीट-पीट कर घायल कर दिया। वहीं बब्बन और उसके दूसरे बेटे अभिषेक को भी मारकर घायल कर दिया। सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, बब्बन के नौकर घटना को लेकर थाने में जाकर तहरीर दी लेकिन पुलिस ने सुबह आने की बात कह कर टाल दिया।

वहीं बिजली विभाग की तरफ से ऋतिक के खिलाफ तहरीर दी गई। इस पर पुलिस घर दबिश देने लगी। वहीं अस्पताल से उपचार के बाद ऋतिक को घर लाया गया। लेकिन घर लाने के कुछ देर बाद उसकी फिर तबीयत बिगड़ गयी। परिजन उसे लेकर लोकबंधु अस्पताल पहुंचे जहां उसने दम तोड़ दिया। ऋतिक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस से शिकायत के बाद ही कोई कार्रवाई नहीं की गयी। यहां तक कि पुलिस ने तहरीर मिलने की बात से ही इनकार कर दिया। वहीं इस संबंध में डीसीपी साउथ तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि मामले की जांच एसीपी कृष्णानगर को सौंपी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story