Lucknow Digital Arrest: डॉक्टर को डिजिटल अरेस्ट कर 48 लाख की ठगी, क्राइम ब्रांच अधिकारी बन की गई वारदात

Lucknow News: डॉक्टर की तहरीर पर लखनऊ साइबर थाने की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।

Santosh Tiwari
Published on: 29 Aug 2024 7:08 AM GMT (Updated on: 29 Aug 2024 1:50 PM GMT)
Lucknow Digital Arrest
X

Lucknow Digital Arrest   (photo: social media )

Lucknow News: राजधानी में डिजिटल अरेस्ट कर लोगों से ठगी करने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार फिर ऐसा ही एक मामला सामने आया है। अब अलीगंज निवासी फिजिशियन अशोक सोलंकी से ठगों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर 48 लाख की ठगी को अंजाम दे दिया। डॉक्टर को जब ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस अब मामले की तफ्तीश में जुट गई है। डॉक्टर की तहरीर पर लखनऊ साइबर थाने की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोरियर सर्विस का कर्मचारी और DCP बनकर की वारदात

मूलरूप से अलीगंज में रहने वाले फिजिशियन डॉक्टर अशोक सोलंकी के पास फेडेक्स कोरियर कंपनी का कर्मचारी बनकर एक ठग ने फोन किया। ठग ने उनसे कहा कि ईरान से आपके नाम पर पार्सल आया है। पार्सल में जाली पासपोर्ट, लैपटॉप, पेन ड्राइव और कुछ मादक पदार्थ हैं। इस मामले में आपके खिलाफ मुंबई क्राइम ब्रांच में FIR दर्ज की गई है। इसके बाद ठग ने डॉक्टर की मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बने दूसरे ठग से बात कराकर मामला सुलझाने की बात कही। डॉक्टर उसकी बातों में आ गए। थोड़ी देर बाद डॉक्टर के पास दूसरे ठग ने स्काइप कॉल किया और खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। उसने कहा कि आपके खाते से करोड़ों रुपए के संदिग्ध लेनदेन हुए हैं। इसकी जांच की जाएगी।

RBI का हवाला देकर फर्जी खाते में मंगाई रकम

ठगों ने डॉक्टर पर कार्रवाई का डर दिखाकर उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया। इसके बाद उनसे कहा गया कि आपके खातों में जमा रकम की जांच की जाएगी। अपनी रकम RBI के खाते में जमा कर दें। एक घंटे में जांच के बाद आपकी पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। ठगों ने डॉक्टर को RBI के फर्जी खाते की डिटेल्स दी और उनसे 48 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। काफी देर बाद जब रकम वापस नहीं आई तो उन्होंने उपरोक्त नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया। कई बार संपर्क करने के बावजूद उनकी बात नहीं हो पाई तो डॉक्टर को ठगी होने का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने लखनऊ के साइबर थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story