×

UP Power Corporation: पदोन्नति के पदों पर सीधी भर्ती की तैयारी से कर्मचारी नाराज, किया विरोध-प्रदर्शन

UP Power Corporation: इस मामले को लेकर अब लेखा कर्मचारियों और अधिकारियों ने विरोध शुरू कर दिया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी न्याय की गुहार लगाई है।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 8 Feb 2024 1:25 PM GMT
Employees angry over preparation for direct recruitment on promotional posts, protested
X

पदोन्नति के पदों पर सीधी भर्ती की तैयारी से कर्मचारी नाराज, किया विरोध-प्रदर्शन: Photo- Social Media

Lucknow News: उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन में पदोन्नति के पदों पर सीधी भर्ती की तैयारी है। इसके लिए बकायदा लेखा संवर्ग की नियमावली में गुपचुप तरीके से बदलाव किया जा रहा है। वहीं इसकी भनक लगने पर लेखा कर्मचारियों व अधिकारियों ने इस पर विरोध जताना शुरू कर दिया है। इसके विरोध में धरना-प्रदर्शन भी शुरू हो गया है। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में न्याय करने की गुहार भी लगाई है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश लेखा संवर्ग में सहायक लेखाकार पद पर सीधी भर्ती होती है। जबकि लेखाकार, सहायक लेखाधिकारी सहित अन्य सभी पदों को पदोन्नति के जरिए भरा जाता है। इसी तरह लेखाधिकारी के पद पर सीधी भर्ती होती है और वरिष्ठ लेखाधिकारी, उप मुख्य लेखाधिकारी, उप महाप्रबंधक, महाप्रबंधक, मुख्य महाप्रबंधक पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति का प्रावधान है।

लेखा विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों का आरोप है कि पावर कॉरपोरेशन में निदेशक (वित्त) की ओर से सेवा नियमावली संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव के विरोध में कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने जनवरी में राजधानी स्थित शक्ति भवन में निदेशक (वित्त) कार्यालय का घेराव भी किया था। अब आक्रोशित कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।

कर्मियों का हक मारा जाएगा

पत्र में कहा है कि यदि पदोन्नति वाले पदों को सीधी भर्ती से भरा जाएगा तो न्यूनतम पद पर सीधी भर्ती से आने वाले कर्मियों का हक मारा जाएगा, क्योंकि पावर कॉरपोरेशन में उच्च पदों की संख्या वरिष्ठता के आधार पर कम होती रहती है। सहायक लेखाकार के जहां 764 पद हैं तो वहीं उप महाप्रबंधक के केवल 27 पद हैं। कई सालों की सेवा के बाद संबंधित कर्मचारी इस पद पर पहुंचते हैं।

अब इसी मामले को लेकर लेखा संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई है कि वे पूरे मामले में हस्तक्षेप करें। उधर, इस मामले में अभी पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। इस मामले को लेकर अब कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। उन्होंने सीएम को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story