Lucknow News: नादरगंज की गुटखा फैक्ट्री में हीटर से आग लगने की आशंका, रात भर इलाके में रही दहशत

Lucknow News: बताया जा रहा है कि रात में फैक्ट्री के दूसरे तल पर गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली डली को हीटर से सुखाया जा रहा था। तभी शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई।

Santosh Tiwari
Published on: 22 Sep 2024 9:02 AM GMT
Lucknow News
X

आग बुझाते दमकलकर्मी (Pic: Newstrack)

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के नादरगंज इलाके में स्थित गुटखा फैक्ट्री में आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रहे हैं। अभी तक की जांच में दोनों ही विभाग किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं। वहीं, फैक्ट्री में लगी आग के चलते करोड़ों का सामान भी नष्ट हो चुका है। सूत्रों का कहना है कि डली सुखाने वाले हीटर में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। आग लगने की इस वारदात से पूरी रात इलाके में दहशत मची रही।

एक बार बुझी उसके बाद फिर भड़की आग

नादरगंज में पहली बार आग लगी तो करीब आधा दर्जन कर्मचारी धुआं भरने के कारण फैक्ट्री के अंदर ही फंस गए। आनन फानन में लोगों ने इसकी सूचना तत्काल दमकल और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल ने रेस्क्यू शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाकर सभी को सकुशल बाहर निकाला। इसके थोड़ी देर बाद रात करीब 12:30 बजे फैक्ट्री के अंदर दोबारा आग भड़क गई। इसे बुझाने में फिर से टीमों को करीब 3 घंटे का समय लगा। सुबह करीब 3:30 बजे के करीब टीमों ने आग पर काबू पाया।


कमला पसंद और राजश्री गुटखा की है फैक्ट्री

नादरगंज में जिस फैक्ट्री में आग लगी उसमें कमला पसंद और राजश्री गुटखे का निर्माण होता है। बताया जा रहा है कि रात में फैक्ट्री के दूसरे तल पर गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली डली को हीटर से सुखाया जा रहा था। तभी शॉर्ट सर्किट हुआ और हीटर से धुआं निकलने लगा। थोड़ी ही देर में धुएं ने आग का रूप ले लिया। कुछ ही क्षणों में आग ने फैक्ट्री के अंदर रखा रॉ मटेरियल अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद सारा सामान धू- धू कर जलने लगा। आग की इस घटना में करोड़ों रुपये का माल जल गया है। रविवार को दिन भर फैक्ट्री के आसपास लोगों का जमावड़ा लगा रहा। जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में गुटखे का उत्पादन होता है। इसमें सैकड़ों मजदूर शिफ्ट के अनुसार काम करते हैं। जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त भी फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे। गनीमत रही कि इसमें किसी भी मजदूर के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, आग से फैक्ट्री में हुए आर्थिक नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story