Lucknow News: UP के पूर्व IPS एसआर दारापुरी ने की दूसरी शादी, जानें कौन हैं दुल्हन

Lucknow News: एसआर दारापुरी ने लखीमपुर खीरी की रहने वाली एक 41 साल की महिला से दूसरा विवाह किया है। जिस महिला को एसआर दारापुरी ने अपनी जीवनसंगिनी बनाया है। वह एक आंगनबाड़ी वर्कर हैं।

Shishumanjali kharwar
Published on: 11 Aug 2024 11:56 AM GMT (Updated on: 11 Aug 2024 12:00 PM GMT)
lucknow news
X

यूपी के पूर्व आईपीएस एसआर दारापुरी ने की दूसरी शादी (न्यूजट्रैक)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अफसर एसआर दारापुरी (IPS SR Darapuri) ने बीते आठ अगस्त को दूसरी शादी कर ली। उन्होंने स्वयं ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर विवाह की तस्वीर शेयर कर इसकी जानकारी दी है। 81 वर्षीय एसआर दारापुरी ने लखीमपुर खीरी की रहने वाली एक 41 साल की महिला से दूसरा विवाह (IPS SR Darapuri Second Marriage) किया है। जिस महिला को एसआर दारापुरी ने अपनी जीवनसंगिनी बनाया है। वह एक आंगनबाड़ी वर्कर हैं।

पूर्व आईपीएस अधिकारी की करीबियों ने बताया कि दारापुरी पार्किंसन रोग से जूझ रहे हैं। साल 2022 में पत्नी की मृत्यु के बाद से ही वह बेहद कठिन समय का सामना कर रहे है। पत्नी की मौत के बाद से उनकी तबीयत ज्यादा खराब रहने लगी थी और वह काफी अकेले हो गये थे। जिसके चलते उन्होंने दूसरी शादी की है। उल्लेखनीय है कि एसआर दारापुरी को पहली पत्नी से दो बेटे वैद्य दारापुरी और राहुल दारापुरी हैं। दो बेटों के अलावा उनकी एक बेटी सुलचना दारापुरी है। जोकि विवाहित हैं।

1972 बैच के IPS हैं एसआर दारापुरी

एसआर दारापुरी (IPS SR Darapuri) का जन्म 16 दिसंबर 1943 को पंजाब के जालंधर जिले के दारापुर गांव में हुआ था। वह 1972 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। पंजाब के फगवाड़ा में रामघरिया कॉलेज से विज्ञान विषय से उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभालने के बाद दारापुरी 31 दिसंबर 2003 को रिटायर हो गये थे। सेवानिवृत्त होने के बाद एसआर दारापुरी वर्तमान में मानवाधिकार कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं।

अपने सेवाकाल में एसआर दारापुरी उत्तर प्रदेश पुलिस महानिरीक्षक पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अंतिम नियुक्ति के समय दारापुरी सीतापुर के सशस्त्र प्रशिक्षण केंद्र पर तैनात थे। एसआर दारापुरी लखनऊ के इंदिरानगर में रहते हैं। पूर्व आईपीएस अधिकारी एसआर दारापुरी को भारत सरकार द्वारा लाए गए नागरिकता संशोधन कानून के बाद राजधानी लखनऊ में हुए हिंसक प्रदर्शन करने वाले लोगों को उकसाने के लिए गिरफ्तार भी किया जा चुका है। इस घटनाक्रम के बाद प्रियंका गांधी उनके परिवार से मिलने पहुंचीं थीं। साल 2014 में एसआर दारापुरी लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story