×

UP: DG प्रशांत कुमार और IG मंजिल सैनी को मिलेगा गैलेंट्री अवार्ड, 74 पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति पदक

Gallantry Award 2024: यूपी के डीजी प्रशांत कुमार और आईजी मंजिल सैनी को गैलेंट्री अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, सात पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पदक दिया जाएगा। 

aman
Report aman
Published on: 25 Jan 2024 11:50 AM GMT (Updated on: 25 Jan 2024 12:18 PM GMT)
Gallantry Award 2024:
X

डीजी प्रशांत कुमार और आईजी मंजिल सैनी (Social Media)

Gallantry Award List 2024: उत्तर प्रदेश के डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार (DG Law & Order Prashant Kumar) और आईजी मंजिल सैनी (IG Manzil Saini) को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के अवसर पर गैलेंट्री अवार्ड (प्रेसिडेंट मेडल फॉर गैलेंट्री) से सम्मानित किया जाएगा। इसी तरह प्रदेश के 7 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा तथा 74 को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। बता दें, गणतंत्र दिवस के अवसर पर हर वर्ष अलग-अलग राज्यों के पुलिसकर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाता है।

यूपी के डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार और आईजी मंज़िल सैनी को इस बार गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। गृह मंत्रालय की ओर से इसकी घोषणा की गई है।

जानें क्या होता है गैलेंट्री अवॉर्ड?

आपको बता दें, गैलेंट्री अवॉर्ड शौर्य और विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। गैलेंट्री अवार्ड का एलान साल में दो बार किया जाता है। पहला, गणतंत्र दिवस पर और दूसरा 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस पर। रक्षा क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए पहले जवानों और अधिकारियों के नामों का चयन किया जाता है। फिर उन्हें गृह मंत्रालय को भेजा जाता है। इसके बाद चयनित लिस्ट राष्ट्रपति के पास भेजी जाती है। उनकी अनुमति के बाद इसकी घोषणा की जाती है।

कौन हैं प्रशांत कुमार?

यूपी के डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार 1990 बैच के आईपीएस ऑफिसर हैं। उनकी गिनती बेहद तेज़ तर्रार अफसरों में होती रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे भरोसेमंद अफसरों में वो आते हैं। आईपीएस प्रशांत कुमार मूलतः बिहार के सिवान जिले से हैं। उनका चयन तमिलनाडु कैडर में हुआ था। मगर, निजी वजहों से वर्ष 1994 में उनका ट्रांसफर यूपी कैडर में कर दिया गया। योगी सरकार ने उन्हें प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी। वो हर पैमाने पर खड़े उतरे। प्रदेश में अपराध पर हर संभव नियंत्रण का श्रेय उन्हें जाता है।

कौन हैं आईजी मंजिल सैनी?

आईपीएस मंजिल सैनी की गिनती भी यूपी में तेजतर्रार अफसरों में होती रही है। मीडिया ने उन्हें 'लेडी सिंघम' का भी नाम दिया। मंजिल सैनी 2005 बैच की आईपीएस ऑफिसर हैं। वो राजधानी लखनऊ और रामपुर की एसएसपी भी रही हैं। हर जगह उन्होंने बेहतरीन काम किया। लखनऊ के एसएसपी का पद संभालने वाली वो पहली महिला ऑफिसर रही हैं। इसके अलावा, उन्होंने इटावा में भी अच्छा काम किया।

इन्हें मिलेगा सराहनीय सेवा पदक

गृह मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, डीजी प्रशांत कुमार और आईजी मंजिल सैनी को गैलेंट्री अवार्ड से नवाजा जाएगा। इसके अतिरिक्त, अखिलेश कुमार, दीपक कुमार, उपेन्द्र कुमार अग्रवाल, रश्मि रानी, पुत्तुराम, सतीश चन्द्र, त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी, राम मोहन सिंह, सिया सुखराम भारती, अरविंद कुमार पांडे, अवधेश कुमार पांडे, मोहम्मद अली, अजय सिंह चौहान, सतेन्द्र सिंह, विनोद कुमार जायसवाल, अजीत कुमार गुप्ता, प्रदीप कुमार गुप्ता, राजकुमार पचौरी, ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, राम औतार, कृष्णा नंद यादव, इंद्रपाल, अनिल कुमार पांडे, कुलजीत सिंह, प्रेम नारायण शर्मा, मोहन गोपाल उपाध्याय, संतोष कुमार यादव और जय सिंह यादव आदि पुलिस अफसरों को सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story