×

International Women's Day: LU के बड़े पदों पर महिलाओं का वर्चस्व, ABVP के पदों पर भी आसीन

International Women's Day: लखनऊ विश्वविद्यालय के उच्च पदों पर आज महिलाओं का दबदबा कायम है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में भी महिलाएं बड़ी संख्या में अहम पदों पर हैं।

Abhishek Mishra
Published on: 8 March 2024 2:39 AM GMT
LU International Womens Day 2024
X

LU International Women's Day 2024 (Photo: Social media )

International Women's Day: पूरा विश्व आज अंतराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है। आज के समय में महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में बढ़ रही है। लखनऊ विश्वविद्यालय और उनसे जुड़े संस्थानों की कई शिक्षिकाओं का आज अहम पदों पर कब्जा है। विद्यार्थी परिषद के महत्वपूर्ण पदों पर महिलाएं विराजमान हैं।

एलयू में उच्च पदों पर आसीन महिलाएं

लखनऊ विश्वविद्यालय के उच्च पदों पर आज महिलाओं का दबदबा कायम है। कई कॉलेजों की शिक्षिकाएं बड़े पदों पर हैं। इसके साथ ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में भी महिलाएं बड़ी संख्या में अहम पदों पर हैं। एलयू की प्रो. संगीता साहू, प्रो. गीतांजलि मिश्रा और प्रो. केया पांडेय भी विश्वविद्यालय के महत्वपूर्ण पद संभाल रही हैं। वहीं एलयू की डॉ. भुवनेश्वरी भारद्वाज और नवयुग कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में दायित्व का निर्वहन कर रही हैं।


एलयू की शिक्षिकाएं कई प्रमुख पदों पर

एलयू में प्रो. संगीता साहू अधिष्ठाता छात्र कल्याण और आईक्यूएसी निदेशक के पद पर हैं। इसके साथ ही प्रो.साहू कर्मयोगी और कर्मोदय जैसी योजनाओं को भी देख रही हैं। प्राणीशास्त्र विभाग की प्रो. गीतांजलि मिश्रा के पास भी एलयू में कई अहम पद हैं। उनके पास एकेडमिक डीन और एनईपी समन्वयक जैसे कई प्रमुख पद हैं। एलयू के मानवशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. केया पांडेय पीएम-ऊषा के समन्वयक पद को संभाल रही हैं। बता दें कि हाल में ही पीएम-ऊषा योजना के तहत एलयू को 100 करोड़ रुपए की राशि दी गई थी।


एबीवीपी में पद संभाल रही महिलाएं

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में भी महिलाएं बड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। एलयू के संस्कृत विभाग की डॉ. भुवनेश्वरी भारद्वाज विद्यार्थी परिषद में लखनऊ महानगर अध्यक्ष पद पर हैं। विश्वविद्यालय की एबीवीपी इकाई की सभी समस्याओं का समाधान करना उनका दायित्व है। उन्होंने बताया कि युवाओं को अध्यात्म की ओर अग्रसर होना चाहिए। नवयुग कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय एबीवीपी अवध प्रांत में प्रांत उपाध्यक्ष के पद पर अपनी जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्र के निर्माण के लिए तैयार करने के लिए मैं विद्यार्थी परिषद से जुड़ी हूं।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story