×

Lucknow News: 1 लाख 37 हजार सैलरी, रहना फ्री, तीन साल की जॉब, यूपी से इजरायल जा रहे 5 हजार से ज्यादा श्रमिक

Lucknow News: उत्तर प्रदेश से 5020 श्रमिक इजरायल में काम करने के लिए चुने गए हैं। श्रमिकों को नियुक्ति पत्र भी दिया जा रहा है। चुने गए इन कुशल श्रमिकों को 1 लाख 37 हजार का वेतन प्रतिमाह मिलेगा।

Aakanksha Dixit
Written By Aakanksha Dixit
Published on: 31 Jan 2024 9:11 AM GMT
Uttar Pradesh
X

israel job alert in lucknow source : social media  

Lucknow News: इजरायल-हमास संघर्ष के बीच देश के कई राज्यों में नौकरियों की मांग बढ़ रही है। इस पर भारत और इजरायल की सरकारों ने समझौता किया है, जिसके तहत भारतीय नागरिकों को इजरायल भेजा जा रहा है। इस अवस्था में अब उत्तर प्रदेश के 5 हजार से ज्यादा श्रमिकों को इजरायल में नौकरी मिली है।

उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों में श्रमिकों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए जा रहे हैं। ये नौकरियां भारत में नहीं बल्कि इजरायल के युद्धक्षेत्र में हैं। इस पर सवाल उठता है कि इजरायल क्यों भारतीयों को नौकरी देना चाहता है।

इतना होगा वेतन, रहना मुफ्त

उत्तर प्रदेश से 5020 श्रमिक इजरायल में काम करने के लिए चयनित हुए हैं। कुल 7094 लोगों ने टेस्ट दिया था। इन चयनित श्रमिकों को नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है, और वे इजराइल में युद्ध के बाद पुनर्निर्माण में अपना योगदान देंगे। चयनित श्रमिकों को 1 लाख 37 हजार रुपये प्रति माह की वेतन तो दिया ही जा रहा है साथ ही रहने और साइट पर आने की मुफ्त सुविधा भी दी जा रही है। इन श्रमिकों की सेवाएं तीन साल तक रहेंगी। इजराइल जाने वाले इन कुशल श्रमिकों का चयन प्लास्टिक वर्क, सिरेमिक टाइल्स, बिल्डिंग फ्रेमवर्क, और आयरन वेल्डिंग के क्षेत्र में किया गया है। इसके लिए भारत सरकार और इजराइल सरकार के बीच किए गए समझौते का लाभ उठाया जा रहा है। इन श्रमिकों को राष्ट्रीय कौशल विकास निगम द्वारा बीमा का भी लाभ मिलेगा, जिसमें प्रत्येक श्रमिक के लिए 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा शामिल होगा। यह कार्यक्रम लखनऊ के अलीगंज आईटीआई में आयोजित किया गया था, जहां इजराइल से आए एक्सपर्ट्स ने 7000 से अधिक श्रमिकों का स्किल टेस्ट लिया। इसमें प्लास्टर के लिए 913, टाइल्स फिटिंग के लिए 323, फ्रेमवर्क के लिए 1608, और वेल्डिंग के लिए 1316 श्रमिकों का चयन हुआ है।

इजरायल क्यों माँग रहा भारत से श्रमिक

इजरायल-हमास युद्ध के दौरान इजरायली सरकार ने भारत से एक लाख श्रमिकों को बुलाने की मांग की है। 7 अक्टूबर को हमास द्वारा किए गए हमले के बाद से इजरायल को श्रमिकों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए 15 सदस्यीय इजरायली टीम भारत से राजमिस्त्री, बढ़ई, और निर्माण के कुशल श्रमिकों का चयन कर रही है। इस परामर्श के माध्यम से भारत से श्रमिकों को इजरायल भेजा जाएगा, जो वहां के निर्माण और उद्यमिता क्षेत्र में अपनी कला और मेहनत लगाएंगे। इससे पहले इजरायल में काम कर रहे फिलिस्तीनी श्रमिकों को युद्ध के कारण परमिट रद्द किया गया है, और साथ ही गाजा से लगी सीमाओं को भी बंद किया गया है, जिससे इस क्षेत्र में श्रमिकों की कमी हो रही है।

Aakanksha Dixit

Aakanksha Dixit

Content Writer

नमस्कार मेरा नाम आकांक्षा दीक्षित है। मैं हिंदी कंटेंट राइटर हूं। लेखन की इस दुनिया में मैने वर्ष २०२० में कदम रखा था। लेखन के साथ मैं कविताएं भी लिखती हूं।

Next Story